सवाई माधोपुर: मानटाउन पुलिस ने 15 लाख की केबल चोरी के आरोपी को ग्वालियर से पकड़ा
जयपुर की कंपनी से धोखाधड़ी कर 7271 मीटर केबल बेचने वाला आरोपी पंकज मल्होत्रा गिरफ्तार, आरोपी पूर्व में नकली नोट मामले में भी जा चुका है जेल।

सवाई माधोपुर जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी (आईपीएस) के निर्देशन में मानटाउन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजयसिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक शहर श्री उदय सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रकरण संख्या 88/2026 धारा 318(4), 316(2) बीएनएस में वांछित आरोपी पंकज मल्होत्रा पुत्र सुरेश मल्होत्रा को ग्वालियर (एमपी) से गिरफ्तार किया है। 28 वर्षीय आरोपी पंकज मल्होत्रा, जो कि भिण्ड जिले के लहार का निवासी है, पिछले एक माह से फरार चल रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पूर्व में नकली नोट के मामले में भी जेल की हवा खा चुका है।
घटना का विस्तृत विवरण
"दिनांक 08.03.2026 को परिवादी विकास गोयल निवासी निर्माण नगर, जयपुर ने थाना मानटाउन में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कंपनी मैक्स ब्रेन्स इन्फोटेक, जयपुर को जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाने का कार्य प्राप्त हुआ था। इस कार्य हेतु कंपनी ने आरोपी पंकज मल्होत्रा के साथ एग्रीमेंट कर उसे केबल उपलब्ध करवाई थी। सवाई माधोपुर स्थित गोदाम (अंबेडकर कॉलोनी, चौथ का बरवाड़ा रोड) में लगभग 7271 मीटर केबल (4 ड्रम सहित) रखी गई थी। दिनांक 28.02.2026 को परिवादी जब गोदाम पहुंचे तो वहां से 7 ड्रम केबल व अन्य बिजली उपकरण गायब मिले। गोदाम पर ताला लगा हुआ था तथा आरोपी का मोबाइल बंद आ रहा था। पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी ने उक्त केबल को बेच दिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपए है।"
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में श्री दयाराम हैड कांस्टेबल 325, श्री बुद्धीप्रकाश हैड कांस्टेबल 1293 एवं कांस्टेबल श्री सुरेश (1146) को शामिल किया गया। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी संसाधनों, मुखबिर तंत्र एवं लगातार फील्ड वर्क के माध्यम से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर ग्वालियर एमपी से मुलजिम पंकज मल्होत्रा को गिरफ्तार किया गया। इस पूरी सफल कार्रवाई में हैड कांस्टेबल श्री दयाराम (325) की अहम भूमिका रही है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस दल
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में सुनील कुमार गुप्ता (पु०नि० थानाधिकारी मानटाउन), दयाराम (हैड कानि 325), बुध्दीप्रकाश (हैड़ कानि 1293), सुरेश (कानि 1146) के साथ-साथ साइबर सेल सवाई माधोपुर के महेन्द्र (हैड कानि 385) एवं राजकुमार (कानि 117) का विशेष सहयोग रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
