सवाई माधोपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मानटाउन थाना पुलिस ने सोमवार को 'एरिया डोमिनेशन' की नीति अपनाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। भरतपुर रेंज आईजी श्री कैलाश विश्नोई और सवाई माधोपुर पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में चली इस सघन कार्रवाई ने जिले के अपराधियों में हड़कंप मचा दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय सिंह और पुलिस उप अधीक्षक शहर श्री उदय सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता और संप्रुक्षु आरपीएस अमिता राठौड़ के नेतृत्व में गठित अलग-अलग टीमों ने साइबर अपराध से लेकर अवैध शराब तस्करी और इनामी वारंटियों तक पर कड़ा प्रहार किया।

अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कामयाबी साइबर सेल की सूचना पर मिली, जब बलवीर एएसआई की टीम ने ग्राम खेड़ली में दबिश देकर 19 वर्षीय शातिर साइबर ठग ब्रिजेश पुत्र मौजीराम मीणा को धर दबोचा। आरोपी लोगों को निवेश के नाम पर रकम कई गुना करने का लालच देकर जीएसटी और सर्विस चार्ज के नाम पर ठगी करता था। पुलिस ने उसके पास से दो एंड्राइड मोबाइल फोन जब्त किए हैं और भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है।

इसी अभियान के तहत कानून के लंबे हाथों ने एक ₹2000 के इनामी बदमाश रिंकू पुत्र मंजूरा लाल मीणा को भी अपनी गिरफ्त में लिया। डीएसटी टीम प्रभारी श्यामसुंदर और मानटाउन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दबोचा गया यह आरोपी लंबे समय से वांछित था। गिरफ्तारी की इस कड़ी में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से वारंटियों को भी दबोचा, जिनमें आर्म्स एक्ट का वारंटी राजकुमार पुत्र रामदयाल, पारिवारिक न्यायालय से वसूली वारंटी रामचरण पुत्र भोपाल लाल, और सोनू उर्फ ठंडीराम पुत्र बृजमोहन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, रामसिंह पुत्र हीराचंद को कलेक्ट्री परिसर के बाहर से गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेशों की तामील की गई।

पुलिस की सतर्कता केवल अपराधियों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि अवैध गतिविधियों पर भी प्रहार जारी रहा। एएसआई अजीत सिंह की टीम ने आस्था सर्किल के पास घेराबंदी कर 48 पव्वें अवैध देशी शराब बरामद की, हालांकि आरोपी पुलिस को देख कट्टा फेंककर भागने में सफल रहा जिसकी तलाश जारी है। वहीं, ध्वनि प्रदूषण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए संदीप हेड कांस्टेबल की टीम ने थाने के सामने से गुजर रही एक पिकअप को पकड़ा, जिसमें तेज आवाज में डेक मशीन बजाकर शोर फैलाया जा रहा था। पुलिस ने मशीन जब्त कर चालक राजेंद्र मीणा को गिरफ्तार किया। मानटाउन पुलिस की इस चौतरफा कार्रवाई में अशोक कुमार, महेंद्र, हेमराज, देवेंद्र, ईश्वरराम, रामस्वरूप और अभिराम जैसे जांबाज पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही, जिसने शहर में कानून व्यवस्था के प्रति आमजन के विश्वास को सुदृढ़ किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story