सवाई माधोपुर में सोमवार को निकलेगी महाभगवा कांवड़ यात्रा, 310 कांवड़िए होंगे शामिल
सवाई माधोपुर में महाभगवा कांवड़ यात्रा की तैयारियां पूरी, 310 कांवड़िए होंगे शामिल और कई प्रमुख लोग कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

सवाई माधोपुर में सोमवार को महाभगवा कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस संबंध में आयोजन समिति की ओर से शनिवार को हरसहाय जी के कटले में प्रेस वार्ता आयोजित कर यात्रा की जानकारी दी गई।
आयोजन समिति से जुड़े नरेश सिंधी ने बताया कि सवाई माधोपुर में सर्व समाज की ओर से पिछले 13 साल से महाभगवा कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में इस साल भी महाभगवा कांवड़ यात्रा आयोजित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाली महाभगवा कांवड़ यात्रा में 210 कांवड़िए शामिल होंगे, जबकि 100 महिलाएं भी कांवड़ लेकर आएंगी। इसके लिए रविवार को सभी कांवड़िए सोलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेंगे।
नरेश सिंधी ने बताया कि सोमवार शाम पांच बजे नीम चौकी रामद्वारा से महाभगवा कांवड़ यात्रा शुरू होगी। यह यात्रा खंडार तिराहे, हरसहाय जी का कटला और 72 सीढ़ी स्कूल होते हुए दंडवीर बालाजी पहुंचेगी। यहां एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृषि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, गौ सेवक मोनू मानेसर और बजरंग दल के सह संयोजक रामेश्वर गुर्जर रहेंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व गवर्नमेंट पीजी कॉलेज छात्र संघ दीपक मीणा करेंगे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में त्रिनेत्र गणेश मंदिर प्रधान सेवक हिमांशु गौतम, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मनीष जैन और अपेक्स रणथंभौर सेविका अस्पताल के केंद्राधीक्षक अभिमन्यु सिंह मौजूद रहेंगे। यहां सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद यात्रा में शामिल 200 लोग हाथों में मशाल लेकर मुख्य बाजार से होते हुए गोपाल जी के मंदिर पहुंचेंगे। जहां महाभगवा कांवड़ यात्रा का समापन होगा। इस दौरान आतिशबाजी भी की जाएगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
