सवाई माधोपुर, 25 मार्च। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशानुसार जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण, कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग एवं व्यावसायिक दुरुपयोग की प्रभावी रोकथाम के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष प्रवर्तन जांच दल गठित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आमजन को किसी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। जिला विक्रय अधिकारियों से प्राप्त जानकारी अनुसार भारत एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी प्रारंभ कर दी गई है।

आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति पर सतत निगरानी

जिले में घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की मांग एवं आपूर्ति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। तेल कंपनियों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार प्रातःकालीन प्रारंभिक स्टॉक लगभग 3738 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध रहा, साथ ही लगभग 3147 सिलेंडरों की अतिरिक्त आवक हुई, जिनमें से लगभग 3950 सिलेंडरों का वितरण किया गया। वर्तमान में जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।

अवैध भंडारण पर छापा और जब्ती की कार्रवाई

कार्रवाई के दौरान जिला रसद अधिकारी रामभजन मीणा के नेतृत्व में प्रवर्तन जांच दल द्वारा कार्रवाई करते हुए मैसर्स सुपर गैस एजेंसी के प्रोपराइटर लटूरचन्द के विज्ञान नगर, रणथम्भौर रोड, सवाई माधोपुर स्थित अवैध भंडारण स्थल से 29 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा जिले में मैसर्स विनायक गैस एजेंसी, बजरिया, मैसर्स रेणु एंटरप्राइजेज, बजरिया, रणथम्भौर एचपी गैस सर्विस, बजरिया एवं श्याम इण्डेन ग्रामीण वितरक, कुस्तला के भी स्टॉक, आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की जांच की गई।

विभिन्न उपखंडों में सघन जांच अभियान

उपखंड अधिकारी, गंगापुर सिटी एवं प्रवर्तन अधिकारी, गंगापुर सिटी द्वारा मै. जे.के. एंटरप्राइजेज, गंगापुर सिटी, मै. चूली इण्डेन ग्रामीण वितरक चूली, मै. नील भारत उदेईमोड गैस एजेंसी एवं मै. आस्था एचपी गैस एजेंसी की जांच की गई एवं उपखंड अधिकारी बामनवास एवं प्रवर्तन अधिकारी बामनवास द्वारा मै. बामनवास इण्डेन एवं मै. श्री कृष्णा भारत गैस एजेंसी का निरीक्षण किया गया। उपखंड अधिकारी मलारना डूंगर एवं प्रवर्तन निरीक्षक मलारना डूंगर द्वारा मै. बौली इण्डेन गैस सर्विस, मै. मंजू इण्डेन ग्रामीण वितरक मलारना डूंगर एवं मै. राज. ब्रदर्स एचपी ग्रामीण वितरक मलारना चौड़ की जांच की गई। उपखंड अधिकारी, खंडार द्वारा मै. दिवाकर भारत गैस ग्रामीण वितरक, बालेर एवं उपखंड अधिकारी चौथ का बरवाड़ा द्वारा मै. लक्ष्मी इण्डेन ग्रामीण वितरक, शिवाड की जांच की गई। जिले में घरेलू एलपीजी के अवैध भंडारण, व्यावसायिक दुरुपयोग तथा अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

प्रशासन की अपील और शिकायत हेल्पलाइन

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि "गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक पैनिक बुकिंग एवं घरेलू सिलेंडरों का संग्रहण न करें। जिले में एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है।" उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडरों के वितरण संबंधी शिकायत होने पर जिला रसद कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जिसके नंबर 07462-294515 हैं एवं राज्य सरकार के हेल्पलाइन नंबर 181 एवं खाद्य विभाग की हेल्पलाइन नंबर 14435 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story