जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार मंगलवार को पेंशनर्स विभाग, सवाई माधोपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं तथा न्यायिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।

शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता अभय कुमार गुप्ता ने उपस्थित पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन, माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 तथा केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा वृद्धजनों के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक उपलब्ध कानूनी प्रावधानों एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने अधिकारों की रक्षा करते हुए सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकते हैं।

उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से प्री-लिटिगेशन स्तर के प्रकरणों तथा न्यायालयों में लंबित मामलों का आपसी समझौते से त्वरित, सरल एवं प्रभावी निस्तारण किए जाने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी।

इस दौरान पैनल अधिवक्ता राजेंद्र यादव ने स्थायी लोक अदालत के माध्यम से विद्युत, जल, परिवहन, डाक, बैंक एवं वित्तीय सेवाओं सहित जन उपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों के प्रभावी निस्तारण की व्यवस्था पर प्रकाश डाला। साथ ही राजस्थान पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत किसी अपराध से पीड़ित व्यक्ति अथवा उनके आश्रितों को प्रतिकर राशि के भुगतान तथा उसके लिए आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

शिविर में अधिकार मित्र सुनिता जोनवाल, मुकेश कुमार शर्मा तथा पेंशनर्स विभाग के अध्यक्ष हाकिम सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामस्वरूप अग्रवाल, जिला मंत्री घनश्याम मंगल, अशोक सिंह, अशोक गुप्ता, शंभू दयाल, हरद्वारी लाल, ओम प्रकाश, राधेश्याम बडाया, दुर्गा प्रसाद शर्मा, नवरतन जैन और किशन लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं वृद्धजन उपस्थित रहे।

विधिक जागरूकता शिविर के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और वैधानिक उपायों की जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें न्यायिक एवं सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story