रिमझिम बारिश में निकली श्री राधा मोहन जी महाराज की भव्य रथयात्रा, प्रतिभाओं का सम्मान
सवाई माधोपुर में श्री राधा मोहन जी महाराज की रथयात्रा बारिश के बीच निकली, प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान और सामाजिक आयोजन हुआ।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के बाजार में पारंपरिक परिधानों में सजे लोग और महिलाएं राधा मोहन जी महाराज की रथयात्रा के दौरान उत्साह के साथ चलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर में रविवार को सर्व कुमावत क्षत्रिय महासभा (रजिस्टर्ड) एवं कुमावत समाज के तत्वावधान में भगवान श्री राधा मोहन जी महाराज की भव्य रथयात्रा धार्मिक उल्लास और गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। रिमझिम बारिश के बीच निकली इस शोभायात्रा में समाज के महिला-पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रथयात्रा का शुभारंभ शहर स्थित कुमावत मोहल्ला बालाजी की बगीची से हुआ। जिला अध्यक्ष विष्णु दौराया ने बताया कि रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे समाज के युवा, महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे "श्री राधा मोहन जी महाराज की जय" के जयकारे लगाते हुए भजनों की धुन पर नृत्य करते हुए रथयात्रा के साथ चले। श्रद्धा और उत्साह से भरी यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
जिला महामंत्री धर्मवीर कुमावत ने बताया कि रथयात्रा हरसहाय जी का कटला, बस स्टैंड, सदर बाजार, छीतर चौराहा, सिनेमा गली होते हुए गीता भवन के समीप स्थित सनाढ्य सदन पहुंची। यहां आयोजित समारोह में समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
महामंत्री दिनेश उदयवाल ने बताया कि समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष रामेश्वर बंबोरिया, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. जयनारायण जूनवाल, राष्ट्रीय सलाहकार सत्यनारायण खोवाल सहित विमल अनावरिया, रूप सिंह कारगवाल, सौभागमल भदानिया, बाबूलाल भैरोदिया, भंवरलाल उदयवाल, बेनी प्रसाद सिरोटा, त्रिलोकचंद खटखटा, पवन देतवाल, लक्ष्मीनारायण खनदारिया, दीपक सिरसवा, दीपू जालवाल, रामबाबू कुमावत, भेरूलाल भाना, भगवान खनदारिया, राजवीर कुमावत सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।
रथयात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुषों और युवाओं की सहभागिता रही, जिससे आयोजन सफल रहा। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक गोठ का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने प्रसादी ग्रहण कर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
