सवाई माधोपुर, 1 जुलाई। कृषि विभाग की कृषि यंत्रीकरण योजना किसानों के जीवन में नई उम्मीदों का संचार कर उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर कर रही है। इस योजना का एक प्रेरणादायक उदाहरण ग्राम पंचायत बलरिया के किसान राजूलाल पुत्र किशना बैरवा का है, जिन्होंने 'सबमिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन' योजना के तहत 4 टन से अधिक क्षमता का मल्टीक्रॉप थ्रेसर क्रय कर अपनी खेती को आधुनिक, समयबद्ध और लाभकारी बना लिया है।

राजूलाल के अनुसार, पूर्व में गेहूं, चना और सरसों जैसी फसलों की मड़ाई के लिए उन्हें महंगे किराये पर थ्रेसर लेना पड़ता था, जिससे न केवल समय की अत्यधिक बर्बादी होती थी, बल्कि अतिरिक्त आर्थिक भार भी उठाना पड़ता था। कृषि विभाग के मार्गदर्शन से योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर उन्होंने वर्ष 2025-26 में राजकिसान पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया। विभागीय प्रक्रिया के तहत 4 मार्च 2026 को उन्हें प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई, जिसके पश्चात उन्होंने 5.50 लाख रुपये की लागत से मल्टीक्रॉप थ्रेसर का क्रय किया। सहायक कृषि अधिकारी विजय जैन एवं कृषि पर्यवेक्षक शक्तिसिंह मीना द्वारा शीघ्र भौतिक सत्यापन पूर्ण करने के उपरांत, उन्हें योजना के प्रावधानों के अनुसार 50 प्रतिशत यानी 2.25 लाख रुपये का अनुदान डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित कर दिया गया।

नवीन थ्रेसर के आने से अब राजूलाल की फसलों की मड़ाई कम समय, न्यूनतम लागत और उच्च दक्षता के साथ संपन्न हो रही है। इस यंत्र के माध्यम से वे अब केवल स्वयं की खेती ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य किसानों की फसलों की थ्रेसिंग कर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर रहे हैं, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है। अपनी इस उपलब्धि पर राजूलाल ने कहा कि कृषि विभाग की इस योजना ने उनकी खेती को नई दिशा दी है और आज वे स्वयं आत्मनिर्भर होने के साथ-साथ क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं। ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान उन्होंने राज्य सरकार एवं कृषि विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कृषि यंत्रीकरण योजनाएं आधुनिक तकनीक को किसानों के खेत तक पहुंचाकर खेती को मुनाफे का सौदा बना रही हैं और आय वृद्धि में निर्णायक भूमिका निभा रही हैं।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story