सवाई माधोपुर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार को राजकीय संप्रेषण एवं किशोर गृह, सवाई माधोपुर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करने हेतु विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पुनीत आयोजन में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का भाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ, जहाँ उपस्थित अधिकारियों और कार्मिकों ने प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड, निधि शर्मा एवं बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्वेता गर्ग मुख्य रूप से सम्मिलित हुईं। इस दौरान बाल कल्याण समिति की सदस्य ज्योति शर्मा, बाबूलाल राजोरा, बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक विमलेश कुमार, चाइल्ड हेल्पलाइन के कोऑर्डिनेटर मुकेश वर्मा, परिवीक्षा अधिकारी हर्षित शर्मा तथा संप्रेषण गृह के समस्त स्टाफ सदस्यों ने सहभागिता निभाते हुए परिसर में पौधे रोपित किए। सभी ने एक स्वर में पर्यावरण जागरूकता को जीवन का अनिवार्य अंग बनाने का संदेश दिया।

बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक विमलेश कुमार ने इस पहल की निरंतरता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विगत तीन वर्षों में संप्रेक्षण गृह परिसर को हरा-भरा बनाने का विशेष अभियान चलाया गया है। स्टाफ और किशोरों के सक्रिय सहयोग से अब तक स्थानीय प्रजातियों के लगभग 250 से अधिक पौधे रोपित किए जा चुके हैं, जो अब धीरे-धीरे वृक्ष का रूप ले रहे हैं। इन पौधों में आम, नींबू, कटहल, नीम, पीपल, बरगद, कचनार, हरसिंगार, अमरूद, आंवला, अमलतास, शहतूत, जामुन, बोटल पाम, लिली, सागवान, शीशम, अर्जुन, साल, बांस और इमली जैसी विविध और औषधीय प्रजातियां शामिल हैं। वृक्षारोपण के माध्यम से दिए गए इस संदेश ने स्थानीय स्तर पर पर्यावरण सुधार के प्रति एक सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story