सवाई माधोपुर में राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) सवाई माधोपुर देवेंद्र दीक्षित की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय खंडार में विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर व्यापक जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन, विद्यार्थियों एवं ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम में खंडार उपखंड की उपखण्ड अधिकारी नीतू करोल, तहसीलदार पुष्कर सिंह, विकास अधिकारी पंचायत समिति जगदीश मित्तल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सुलेखा मीणा, बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रदीप, मेडिकल ऑफिसर डॉ. दीपक मंगल, सीएचओ रामस्वरूप सैनी, अनिल कुमार शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तृत परिचय दिया तथा योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभों की जानकारी देकर आमजन की जिज्ञासाओं का समाधान किया। महाविद्यालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर भी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर देवेंद्र दीक्षित ने कहा कि प्रतिवर्ष 17 जुलाई को विश्व अंतर्राष्ट्रीय न्याय दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिवस न्याय, मानवाधिकारों की रक्षा, विधिक शासन को सुदृढ़ करने तथा प्रत्येक व्यक्ति को निष्पक्ष एवं समान न्याय उपलब्ध कराने के वैश्विक संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि न्याय केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सम्मान, समान अवसर और गरिमामय जीवन के अधिकार से भी प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा हुआ है।

शिविर के दौरान नालसा (मानव-वन्य जीव संघर्ष से पीड़ित व्यक्तियों को विधिक सेवाएं) योजना, 2025 के संबंध में प्रोजेक्टर के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। इस दौरान समीक्षा गौतम, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि मानव-वन्य जीव संघर्ष की घटनाओं से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिवारों को निःशुल्क विधिक सहायता, आवश्यक कानूनी परामर्श, सरकारी मुआवजा योजनाओं तक पहुंच तथा विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। साथ ही वन्यजीवों के साथ संघर्ष की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों और पीड़ितों के विधिक अधिकारों की भी जानकारी दी गई।

पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास का संदेश देते हुए देवेंद्र दीक्षित, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, समीक्षा गौतम, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रविंद्र कुमार कुंतल, अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति खंडार तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

शिविर स्थल पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्र संजीविका सोनी एवं पुष्पेंद्र गौतम ने कैनोपी लगाकर आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने विधिक एवं प्रशासनिक समस्याओं के संबंध में आवश्यक परामर्श प्रदान किया तथा संबंधित विभागों को प्रस्तुत किए जाने वाले आवेदन-पत्र तैयार कराने में सहायता उपलब्ध कराई। इसके अतिरिक्त पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया। कल्याणकारी शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता प्राप्त करने के लिए 11 आवेदन प्राप्त किए गए।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने शिविर को अत्यंत उपयोगी बताते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन तक विधिक सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में थानाधिकारी खंडार लक्ष्मण सिंह, थानाधिकारी बहरावंडा कलां बनी सिंह, अध्यक्ष अभिभाषक संघ गोविंद प्रसाद मथुरिया, सचिव अभिभाषक संघ अंजनी कुमार तेहरिया, पैनल अधिवक्ता हरिलाल बैरवा, नगाराम मीणा, रमेश चंद्र तेहरिया, रविशंकर गर्ग एवं अधिकार मित्र दिनेश कुमार बैरवा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विधिक जागरूकता, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पात्र लाभार्थियों तक सरकारी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story