सवाई माधोपुर जिले के खंडार क्षेत्र स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय करमापुर के भौतिक विकास को मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत नई गति मिलने जा रही है। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल “भविष्य की उड़ान” के अंतर्गत विद्यालय में 3 लाख 47 हजार रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विद्यालय के विकास के लिए ग्रामवासियों और विद्यालय स्टाफ ने जनसहभागिता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए 1 लाख 39 हजार रुपए की राशि दान स्वरूप उपलब्ध कराई है। यह राशि विद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने में उपयोग की जाएगी। विद्यालय के प्रधानाध्यापक इमरान खान ने जनसहयोग राशि का चैक मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाडिया और एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता को मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत जमा कराने के लिए सौंपा।

एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में संचालित अभिनव पहल “भविष्य की उड़ान” ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और जनसहभागिता को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के सकारात्मक परिणाम अब विद्यालयों के विकास कार्यों में स्पष्ट दिखाई देने लगे हैं।

कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त 1 लाख 39 हजार रुपए की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार की ओर से लगभग 2 लाख 8 हजार रुपए की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इस प्रकार विद्यालय को कुल 3 लाख 47 हजार रुपए की राशि प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग विद्यालय में आवश्यक भौतिक सुविधाओं के विकास, विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करने और शैक्षणिक संसाधनों को सुदृढ़ करने में किया जाएगा।

इस पहल से करमापुर विद्यालय के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा विकास में जनभागीदारी की भूमिका भी और अधिक मजबूत होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story