सवाई माधोपुर जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा को विस्तार देते हुए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत वातानुकूलित प्रीमियम सशुल्क प्रतीक्षालय प्रारंभ किया गया है। कोटा मंडल, पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा शुरू की गई यह सुविधा यात्रियों को आधुनिक, आरामदायक एवं सुव्यवस्थित प्रतीक्षा अनुभव प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है। यह कोटा मंडल में इस प्रकार की पहली सुविधा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि सवाई माधोपुर जंक्शन पर प्रतिदिन लगभग 20,000 यात्री आवागमन करते हैं। यह स्टेशन विश्वप्रसिद्ध रणथम्भौर वन्यजीव अभ्यारण्य एवं अन्य पर्यटन स्थलों का प्रमुख प्रवेश द्वार होने के कारण देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यात्रियों एवं पर्यटकों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रीमियम प्रतीक्षालय की शुरुआत की गई है।

यह प्रतीक्षालय 5 वर्ष की अवधि के लिए कॉन्ट्रैक्ट पर संचालित किया जा रहा है, जिससे रेल प्रशासन को रखरखाव व्यय में बचत के साथ-साथ राजस्व अर्जन का भी लाभ प्राप्त होगा। प्रवेश शुल्क अत्यंत सामान्य रखा गया है, जिसके अनुसार वयस्क यात्रियों के लिए ₹10 प्रति घंटा, 5 से 12 वर्ष आयु के बच्चों के लिए ₹5 प्रति घंटा तथा 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए निःशुल्क प्रवेश निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय से अधिक रुकने पर अगले घंटे का शुल्क लागू होगा।

प्रतीक्षालय में यात्रियों को वाईफाई सुविधा, जलपान, गर्म पानी, सशुल्क शौचालय तथा यात्रा सहायता डेस्क जैसी आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। जलपान गृह में सभी खाद्य एवं पेय पदार्थ अंकित मूल्य पर ही उपलब्ध होंगे। प्रवेश से पूर्व टिकट लेना अनिवार्य किया गया है।

यह सुविधा सवाई माधोपुर जंक्शन पर यात्रियों को गरिमापूर्ण, सुविधाजनक एवं आधुनिक प्रतीक्षा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story