सवाई माधोपुर: न्यायिक अधिकारियों ने 2309 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों में 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे' के तहत साइबर अपराधों से बचाव के गुर सिखाए गए।

सवाई माधोपुर के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में साइबर अपराधों की रोकथाम के संबंध में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में जानकारी देते न्यायिक अधिकारी।
07 अप्रैल 2026, सवाई माधोपुर। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के निर्देशानुसार साइबर सुरक्षा: ‘जागरूकता, संरक्षण और न्याय तक समावेशी पहुंच’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान राजस्थान के विद्यालयों में विधिक साक्षरता और संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सवाई माधोपुर न्यायक्षेत्र के न्यायिक अधिकारियों द्वारा 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे, नेविगेटिंग लाइफ लीगली' के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में साइबर अपराधों की रोकथाम के संबंध में विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। आयोजित इन विशेष विधिक जागरूकता शिविरों के माध्यम से कुल 2309 छात्र-छात्राएं लाभान्वित हुए।
जिला मुख्यालय पर न्यायिक अधिकारियों द्वारा विधिक साक्षरता
जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर पर श्री देवेन्द्र दीक्षित, जिला एवं सेशन न्यायाधीश सवाई माधोपुर द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में शिविर आयोजित किया गया। इसी क्रम में राजेन्द्र शर्मा न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खिलचीपुर में, मीनाक्षी जैन विशेष न्यायाधीश पोक्सो न्यायालय संख्या-01 द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आलनपुर में, सुन्दरलाल बंशीवाल न्यायाधीश मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानटाउन में तथा असीम कुलश्रेष्ठ न्यायाधीश विशिष्ट न्यायालय अजा/अजजा (अ.नि.) प्रकरण द्वारा गीतादेवी अग्रवाल राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय आदर्शनगर में शिविर संपन्न हुए। प्रियंका पारीक अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय साहूनगर में, समीक्षा गौतम सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल सूरवाल में, आशुतोष सिंह आढ़ा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सवाई माधोपुर द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय हाउसिंग बोर्ड में, गार्गी चौधरी अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय शेरपुर खिलचीपुर में, किरण प्रजापत अति. सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-01 द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जीनापुर में, अनिता राजवानियां अति. सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या-02 द्वारा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (72 सीढ़ी स्कूल) शहर सवाई माधोपुर में एवं अंकिता सिंघल प्रिंसीपल मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सूरवाल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
साइबर ठगी के प्रकार और बचाव के तकनीकी उपाय
इन शिविरों में उपस्थित विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को रालसा (साइबर अपराधों से पीड़ित व्यक्तियों को विधिक सेवाएं) योजना 2026, डिजिटल अरेस्ट, ई ट्रेडिंग संबंधी ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लोन एप, ऑनलाईन रोजगार के झूठे दावे, ऑनलाईन गेमिंग, साइबर बुलिंग, ऑनलाईन सेक्सटॉर्शन, लॉटरी एवं लक्की ड्रॉ आदि के माध्यम से ठगी के तरीकों की जानकारी दी गई। न्यायिक अधिकारियों ने इनसे बचाव के उपायों जैसे टू स्टेप वैरिफिकेशन, संचार साथी एप, चक्षु एप, ई स्केन बोट एप, एम कवच टू एप, टैफकॉप और साइबर क्राइम हेल्पलाईन नंबर 1930 आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
तालुकों में जागरूकता अभियान और सुरक्षा निर्देश
इसी प्रकार तालुका गंगापुर सिटी पर अखिलेश कल्याण अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-01 द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर सिटी में, रेशमा खान अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश संख्या-02 द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय महूकलां में, मीनाक्षी चौधरी अति. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय मिर्जापुर में, सुनिता यादव सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय छावा में और मनीषा कुमारी न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय द्वारा पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगापुर सिटी में शिविर आयोजित हुए। तालुका बौंली पर विकास नेहरा अति. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बौंली में, तालुका बामनवास पर अंशिका दिनकर सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पिपलाई में तथा हेमन्त मेहरा सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट चौथ का बरवाड़ा द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चौथ का बरवाड़ा में शिविर आयोजित किए गए।
इन शिविरों के माध्यम से उपस्थित विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को सावधानी बरतने के कड़े निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि "कम्प्यूटर, मोबाईल, डिजिटल उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। किसी अनजान नंबर से भेजे गए लिंक, फाईल आदि पर क्लिक करने से बचना चाहिए। अनजान नंबर से भेज गए लिंक, फाईल पर क्लिक करने से आमजन ठगी का शिकार हो सकते है, साथ ही आमजन की निजी जानकारी का दुरूपयोग होकर उनकी सुरक्षा को खतरा हो सकता है।" अधिकारियों ने सचेत किया कि आजकल आपराधिक किस्म के लोग जल्दी पैसा कमाने के लालच में आमजन को साइबर ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि "शिक्षा के अभाव में एवं साइबर अपराधों के बारे में जानकारी नहीं होने के कारण लोग साइबर ठगी का शिकार बन रहे है। आमजन को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक रहने की आवश्यकता है।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
