सवाई माधोपुर में 17 जुलाई 2026 को ज्वैलर से लूट की सनसनीखेज वारदात के मुख्य आरोपी को मानटाउन थाना पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी, आईपीएस, के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर श्री विजय सिंह तथा पुलिस उपाधीक्षक शहर सवाई माधोपुर श्री राजेन्द्र कुमार मीणा के निकटतम सुपरविजन में मानटाउन थानाधिकारी श्री सुनील कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में दिनांक 03.08.2026 को प्रकरण संख्या 236/2026, धारा 304(2), 115(2), 126(2), 112(2), 61(2)(ए) बीएनएस में घटना के समय से फरार चल रहे बदमाश प्रखर शर्मा पुत्र श्री राजेश शर्मा, जाति ब्राह्मण, उम्र 21 वर्ष, निवासी बिचपुरी, हाल गुरुद्वारा रोड, धोलपुर, थाना निहालगंज, जिला धोलपुर को सीतापुरा, जयपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी घटना के समय से लगातार फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 की शाम ज्वैलर दिनेश गोयल निवासी इन्द्रा कॉलोनी, सवाई माधोपुर बजरिया स्थित अपनी दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। इसी दौरान गर्ल्स स्कूल के पास चार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल जबरन रोक ली, उन्हें नीचे गिराकर मारपीट की और उनका बैग छीन लिया। बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन तोड़ने का भी प्रयास किया। ज्वैलर के बैग में लगभग 26 ग्राम सोना तथा 1 लाख 30 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। घटना के संबंध में मामला दर्ज कर पुलिस ने टीम गठित की और अज्ञात आरोपियों की सुरागरसी एवं पतारसी के लिए लगातार प्रयास शुरू किए।

जांच में सामने आया कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले ज्वैलर की गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी थी। उन्होंने यह जानकारी जुटाई कि ज्वैलर किस समय दुकान बंद करता है, किस रास्ते से घर जाता है, उसके पास कितना माल और नकदी रहती है तथा रास्ते में कौन-सा स्थान वारदात के लिए सबसे उपयुक्त रहेगा। लगातार रेकी करने के बाद आरोपियों ने अपने साथियों के साथ बैठकर पूरी योजना तैयार की। प्रत्येक आरोपी की भूमिका पहले से तय की गई थी। किसी को रास्ता रोकने, किसी को बैग छीनने और किसी को घटना के बाद सुरक्षित फरार कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन की भी पहले से व्यवस्था कर ली गई थी ताकि घटना के बाद सभी आरोपी तेजी से फरार हो सकें।

मानटाउन थाना पुलिस इससे पहले इस मामले का खुलासा करते हुए वारदात में शामिल आरोपी आशीष सैन पुत्र महावीर, उम्र 21 वर्ष, निवासी अरणिया, थाना गंगापुर सदर, जिला सवाई माधोपुर (बापर्दा), रवि पुत्र हेमराज मीणा, उम्र 20 वर्ष, निवासी पट्टी कलां, बामनवास, जिला सवाई माधोपुर (बापर्दा), दिलखुश पुत्र चेतराम, जाति मीणा, उम्र 23 वर्ष, निवासी गढ़खेड़ा, थाना गढ़खेड़ा, जिला करौली (बापर्दा), अशोक कुमार मीणा पुत्र रामेश्वर मीना, उम्र 23 वर्ष, निवासी जोड़ली, थाना सपोटरा, जिला करौली, प्रशांत कांवटिया पुत्र मुकेश कुमार, उम्र 22 वर्ष, निवासी कैमां, थाना नादौती, जिला करौली, हाल बजरंग कॉलोनी, जगतपुरा, जयपुर (गाड़ी मालिक) तथा लोकेश कुमार मीणा पुत्र रामेश्वर मीना, उम्र 28 वर्ष, निवासी जोड़ली, थाना सपोटरा, जिला करौली को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने प्रकरण का माल मशरुका, सोने के आभूषण, नगदी तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद कर लिया था।

पुलिस के अनुसार लूट की वारदात में शामिल मुख्य आरोपी प्रखर शर्मा साइबर सिक्योरिटी से एम.बी.ए. का छात्र होने के कारण शातिर और चालाक किस्म का है। अपने साथियों की गिरफ्तारी के तुरंत बाद उसने पुलिस से बचने के लिए अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और उत्तराखण्ड भाग गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए श्री संजय कुमार सहायक उप निरीक्षक, श्री जगराम सहायक उप निरीक्षक, श्री बुद्धिप्रकाश हेड कांस्टेबल 1291 तथा श्री विजय सिंह कांस्टेबल 109 की विशेष टीम का गठन किया गया, जो लगातार उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी रही।

पुलिस को 03.08.2026 को हेड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश को सूचना मिली कि ज्वैलर्स लूट का मुख्य आरोपी प्रखर शर्मा उत्तराखण्ड से अपने कपड़े और सामान लेने के लिए सीतापुरा, जयपुर आया हुआ है। सूचना मिलते ही मानटाउन थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए श्री संजय कुमार सहायक उप निरीक्षक, श्री जगराम सहायक उप निरीक्षक, श्री बुद्धिप्रकाश हेड कांस्टेबल 1291 तथा श्री विजय सिंह कांस्टेबल 109 की विशेष टीम को जयपुर रवाना किया। टीम ने कड़ी मेहनत के बाद सीतापुरा, जयपुर से मुख्य आरोपी प्रखर शर्मा को पकड़कर बापर्दा गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश 1291 की विशेष भूमिका को भी उल्लेखनीय बताया। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही मानटाउन थाना पुलिस ने ज्वैलर्स लूट प्रकरण में फरार चल रहे प्रमुख बदमाश को कानून के दायरे में लाकर जांच और कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story