जल जीवन मिशन के लंबित कार्यों में तेजी के निर्देश, 69 गांवों में हर घर जल प्रमाणन बाकी
सवाई माधोपुर में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा हुई। 276 गांवों में योजना पहुंची, 157603 नल कनेक्शन दिए गए और 69 गांवों का हर घर जल प्रमाणन जारी है।

तस्वीर में सवाई माधोपुर कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारी नजर आ रहे हैं.
सवाई माधोपुर, 29 सितम्बर। जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक बैठक मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता, भुगतान, लंबित कार्यों और पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने योजनाओं में तेजी लाकर लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर काना राम ने प्रोजेक्ट एवं रेट्रोफिटिंग योजनाओं के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। योजनाओं के भुगतान में आ रही बाधाओं का संबंधित स्तर पर समन्वय और आवश्यक पत्राचार के माध्यम से शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं का ग्राम सभा के माध्यम से प्रमाणन कराने, प्रमाण-पत्र प्राप्त करने और आईएमआईएस पोर्टल पर लंबित अपडेट तत्काल पूरा कराने को कहा।
उन्होंने नल जल मित्रों के चयन एवं प्रशिक्षण, हर घर जल प्रमाणीकरण, डैशबोर्ड डाटा अपडेट तथा आगामी जल अर्पण कार्यक्रम की तैयारियां भी समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि प्रत्येक घर तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। वर्षा ऋतु के बाद नियमित अंतराल पर पेयजल के नमूने लेकर गुणवत्ता की जांच कराई जाए और किसी भी स्थिति में दूषित जलापूर्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मानसून से प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल से वंचित ग्रामों में मांग आधारित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थायी समाधान की दिशा में तहसीलवार एवं ग्रामवार कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। ऐसे कार्यों के प्रस्ताव आगामी डीएमएफटी अथवा समर कंटिंजेंसी में स्वीकृति के लिए तैयार करने को कहा गया।
बैठक में अधीक्षण अभियंता एवं सदस्य सचिव हरज्ञान मीणा ने जिले में पेयजल आपूर्ति, जल जीवन मिशन के स्वीकृत कार्यों, ग्रामीण जल योजनाओं के संचालन एवं संधारण तथा हर घर जल प्रमाणीकरण की स्थिति से अवगत कराया। अधिकारियों ने ईसरदा बांध परियोजना, मंडरायल-नादौती परियोजना सहित अन्य पेयजल परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, पाइपलाइन, पंपिंग मशीनरी स्थापना एवं शेष कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की।
बैठक में बताया गया कि जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुल 276 गांवों को योजनाओं से जोड़ा गया है। 230261 घरेलू नल कनेक्शनों के लक्ष्य के विरुद्ध ओटीएमपी में 157603 कनेक्शन दिए जा चुके हैं, जो लगभग 68.45 प्रतिशत उपलब्धि है। शेष कनेक्शन वृहद पेयजल परियोजनाओं के तहत किए जाने हैं।
हर घर जल प्रमाणन के संबंध में बताया गया कि जिले के 275 गांव हर घर जल श्रेणी में रिपोर्ट किए गए हैं। इनमें से 206 गांवों के प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुके हैं, जबकि शेष 69 गांवों में प्रमाणन की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मिशन सदस्यों ने योजनाओं की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाए तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराया जाए।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
