सवाई माधोपुर के आदर्श नगर स्थित श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा के द्विवार्षिक चुनाव मान-मनुहार की उत्कृष्ट परंपरा के साथ सानन्द सम्पन्न हुए। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी महासभा कोलकाता के निर्देशानुसार आयोजित चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी श्री चन्द्रप्रकाश जैन पूर्व प्रधानाचार्य एवं श्री पदमचंद जैन हैप्पी हाउस के मार्गदर्शन में संपन्न कराई गई।

सभा के निवर्तमान मंत्री नरेन्द्र जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि उपस्थित सदस्यगण ने सर्वसम्मति से वर्ष 2026-27 एवं 2027-28 के लिए नए पदाधिकारियों का अनुनयपूर्वक मनोनयन किया। इसके तहत श्री अनिल जैन ‘हैप्पी हाउस’ को अध्यक्ष, श्री अशोक जैन गोठड़ा वाले को मंत्री तथा श्री पारस जैन भगवतगढ़ वाले को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

इससे पूर्व आयोजित वार्षिक बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष कमलेश जैन एडवोकेट ने अपने दो वर्षीय कार्यकाल की गतिविधियों की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। सभा में उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि के साथ रिपोर्ट का अनुमोदन किया। कमलेश जैन एडवोकेट ने अपने कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद नव मनोनीत अध्यक्ष, मंत्री एवं कोषाध्यक्ष का सदस्यगण की ओर से दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया। संघ गान के साथ सभा की चुनावी वार्षिक बैठक सानन्द सम्पन्न हुई।

पूर्व मंत्री नरेन्द्र जैन ‘सूरवाल’ द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सभा में सर्वसम्मति और संगठनात्मक समन्वय के साथ संपन्न हुए चुनाव को तेरापंथ समाज की लोकतांत्रिक एवं अनुशासित परंपरा का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story