टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत जिले में क्षय रोग की समय पर पहचान और रोकथाम के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने जिला कारागृह, सवाई माधोपुर में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया। शिविर के दौरान हैंडहेल्ड डिजिटल एक्स-रे मशीन की सहायता से जिला कारागृह में निरुद्ध सभी बंदियों के साथ अधिकारियों और कर्मचारियों सहित कुल 122 लोगों की चेस्ट एक्स-रे जांच की गई।

जांच का उद्देश्य टी.बी. रोग की शीघ्र पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित करना तथा संक्रमण की रोकथाम करना रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि जनसहभागिता और समय पर जांच से ही टी.बी. मुक्त भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

शिविर के दौरान बंदियों, कारागृह के अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षय रोग के लक्षण, बचाव के उपाय, समय पर जांच तथा निःशुल्क उपचार की विस्तृत जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन में कमी और रात में अधिक पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य संस्थान में जांच करानी चाहिए।

स्वास्थ्य कर्मियों ने उपस्थित सभी लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी टी.बी. के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि लक्षण दिखाई देने पर समय रहते जांच और उपचार सुनिश्चित हो सके। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि समय पर पहचान, जागरूकता और उपचार ही टी.बी. मुक्त भारत अभियान की सफलता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story