ईसरदा के महात्मा गांधी स्कूल में शिक्षकों के 16 पद रिक्त, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सवाई माधोपुर के ईसरदा स्थित महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में 16 पद खाली होने से छात्रों का भविष्य अधर में है। ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री के पैतृक गांव में बदहाल शिक्षा व्यवस्था को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है।

तस्वीर में ग्रामीण अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर, 13 जुलाई। ग्राम पंचायत ईसरदा स्थित महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पिछले तीन वर्षों से शिक्षकों की भारी कमी से परेशान ग्रामीणों, अभिभावकों एवं समाजसेवियों ने सोमवार को जिला कलेक्टर एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक), सवाई माधोपुर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल नियुक्तियों की मांग की है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि विद्यालय में स्वीकृत 27 पदों में से 16 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद भी रिक्त है। साथ ही, विज्ञान संकाय के व्याख्याता सहित गणित, अंग्रेजी, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से 10वीं एवं 12वीं बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ईसरदा प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का पैतृक ठिकाना है, इसके बावजूद यहां का अंग्रेजी माध्यम विद्यालय शिक्षकों की कमी का दंश झेल रहा है। कई बार संबंधित विभाग एवं जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बाद भी अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। ज्ञापन में मांग की गई है कि रिक्त 16 पदों पर स्थायी अथवा प्रतिनियुक्ति के माध्यम से तत्काल नियुक्तियां की जाएं ताकि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि समय रहते प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ मिलकर व्यापक एवं लोकतांत्रिक जनआंदोलन शुरू करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

