सवाई माधोपुर: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गूंजा 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' का संकल्प
सवाई माधोपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब। 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' थीम के साथ सामूहिक योगाभ्यास में कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा समेत हजारों लोगों ने स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। देखें रिपोर्ट।

सवाई माधोपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का दृश्य।
सवाई माधोपुर के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्साह देखते ही बनता था। जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस जिला स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में जिले भर के योग प्रेमी एक सूत्र में बंधे नजर आए। 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' की थीम पर आधारित इस विशेष आयोजन में शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक एक स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश फैला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा और विशिष्ट अतिथि राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजोर ने भगवान पतंजलि के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण सुना। योग प्रशिक्षक रजत भारद्वाज और डॉ. पूजा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने सामान्य योग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए ताड़ासन, वृक्षासन और त्रिकोणासन जैसे महत्वपूर्ण आसनों के साथ ही कपालभाति और अनुलोम-विलोम प्राणायाम का अभ्यास किया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने अपने संबोधन में योग को भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि आज वैश्विक स्तर पर 130 से अधिक देशों में योग स्वीकार्य हुआ है। उन्होंने स्वस्थ समाज को समृद्ध राष्ट्र का आधार बताते हुए उपस्थित जनसमुदाय को विश्व में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प दिलाया। साथ ही, उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता हेतु मतदाता शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रेम सिंह बाजोर ने योग को अनुशासित जीवनशैली का प्रभावी माध्यम बताया, जबकि आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. भीम सिंह मीणा ने अष्टांग योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कलक्टर काना राम ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को दैनिक दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आह्वान किया। जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले की समस्त पंचायत समितियों और ग्राम पंचायतों में भी योगाभ्यास सत्रों का आयोजन कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार, जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
