सवाई माधोपुर, 20 नवम्बर। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना आमजन के लिए संबल बनकर सामने आई है। इसी योजना के अंतर्गत सवाई माधोपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सूरवाल निवासी महेश चंद मीणा को दुर्घटना के दौरान हुए गंभीर नुकसान के लिए एक लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया।

जानकारी के अनुसार महेश चंद मीणा खेत में काम कर रहे थे, तभी 11 हजार केवी की विद्युत लाइन का तार टूटकर उन पर गिर गया। इस हादसे में उनका एक हाथ गंभीर रूप से झुलस गया। स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उनका हाथ काटने का निर्णय लिया। पीड़ित ने पहले ही मंडी रोड स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमा कराया था। इसी बीमा के तहत उन्हें यह एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई।

गुरुवार को बैंक ऑफ बड़ौदा के जिला प्रबंधक प्रदीप ने बीमित महेश चंद मीणा को औपचारिक रूप से चेक सौंपा। चेक प्राप्त करने के बाद महेश चंद मीणा ने संतोष और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एलडीएम प्रदीप, सीएफएल सेंटर मैनेजर कल्पना नागर, यूनियन बैंक उप शाखा प्रबंधक रजनी रावत तथा सहायक प्रबंधक संजय मीणा उपस्थित रहे। शाखा के प्रधान खजांची हेमंत महावर ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

इस मौके पर बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़ने के लिए जागरूक किया, ताकि किसी अप्रत्याशित दुर्घटना की स्थिति में वे वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित कर सकें। इस घटना ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की अहमियत और उसके लाभार्थियों के लिए सुरक्षा कवच प्रदान करने की क्षमता को स्पष्ट किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story