सवाई माधोपुर में आजादी का 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह में कृषि, उद्यानिकी एवं ग्रामीण विकास, आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने पुलिस परेड मैदान में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी।

समारोह में मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. मीणा ने खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला प्रमुख सुदामा मीणा, कार्यवाहक जिला कलक्टर एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया, जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी, मुख्य वन संरक्षक रणथम्भौर टाइगर प्रोजेक्ट शारदा प्रताप सिंह, उप वन संरक्षक सामाजिक वानिकी सुनील कुमार, उप वन संरक्षक मानस सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, अभिभावक एवं आमजन उपस्थित रहे।

डॉ. मीणा ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए देश के महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों के अदम्य साहस, बलिदान और संघर्ष का स्मरण किया। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में आजादी के आंदोलन में भाग लेने वाले सभी लोगों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की और युवाओं से उन महान विभूतियों के सपनों का भारत बनाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

जिला स्तरीय समारोह में सम्पूर्ण परेड कमाण्डर राजेन्द्र गिरी की अगुवाई में परेड हुई। राजस्थान सशस्त्र बल (आरएसी) की टुकड़ी का नेतृत्व प्लाटून कमाण्डर रोहिताश ने किया। एएसआई आशाराम के नेतृत्व में राजस्थान पुलिस बल तथा प्लाटून कमाण्डर मोहनलाल चौधरी की अगुवाई में राजस्थान गृह रक्षा बल (होमगार्ड) की टुकड़ी ने भागीदारी की। जिला मुख्यालय के महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों की एनसीसी टुकड़ियों, भारत स्काउट एवं गाइड तथा हिन्दुस्तान स्काउट एवं गाइड दल की टुकड़ियों ने भी मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने माननीय राज्यपाल महोदय के संदेश का पठन किया। इसके पश्चात जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, कार्यवाहक जिला कलक्टर गौरव बुडानिया और जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने एण्डा निवासी शहीद वीरांगना धोली देवी, थड़ोली निवासी जानकी देवी एवं बामनवास तहसील की लिवाली निवासी माता श्री केशर देवी को स्मृति चिह्न भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन भी किया गया। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक कमलेश गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों विद्यार्थियों ने सामूहिक व्यायाम (पीटी) का प्रदर्शन किया।

समारोह में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने क्रियात्मक गीत, सामूहिक लोक नृत्य एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर राष्ट्रीयता के रंग बिखेरे। जिला मुख्यालय पर झमाझम बारिश के बीच स्वामी आत्मानंद वैदिक गुरूकुल मलारना चौड़ के बच्चों ने मलखंभ का प्रदर्शन किया।

इससे पूर्व कलक्ट्रेट परिसर में कार्यवाहक जिला कलक्टर गौरव बुडानिया ने ध्वजारोहण किया। इस तरह जिला मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण, परेड, सामूहिक व्यायाम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और वीरांगनाओं के सम्मान के साथ राष्ट्रीय पर्व की गरिमा देखने को मिली।

फोटो कैप्शन: 15 पीआरओ स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण कर सलामी लेते कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा।

फोटो कैप्शन: 15 पीआरओ 2 से 4 मार्च पास्ट का निरीक्षण करते मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा।

फोटो कैप्शन: 15 पीआरओ 5 मार्च पास्ट की सलामी लेते मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा।

फोटो कैप्शन: 15 पीआरओ 6 सामूहिक व्यायाम (पीटी) का प्रदर्शन करते विद्यार्थी।

फोटो कैप्शन: 15 पीआरओ 7 जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा।

फोटो कैप्शन: 15 पीआरओ 8 एवं 9 वीरांगनाओं का सम्मान करते मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा।

फोटो कैप्शन: 15 पीआरओ 10 एवं 11 सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुतियां देती छात्राएं।

फोटो कैप्शन: 15 पीआरओ 12 एवं 13 बारिश के बीच स्वामी आत्मानंद वैदिक गुरूकुल मलारना चौड़ के बच्चे मलखंभ का प्रदर्शन करते।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story