सवाई माधोपुर में स्वतंत्रता दिवस-2026 समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय पर्व से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता वाली तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने बताया कि समारोह के दौरान ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण, मार्चपास्ट, राज्यपाल के संदेश का वाचन, स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीरांगनाओं का सम्मान, प्रशस्ति पत्र वितरण, व्यायाम प्रदर्शन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित समय पर पूरी हो और आयोजन की गुणवत्ता सर्वोच्च स्तर की रहे।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) को निर्देश दिए गए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामूहिक व्यायाम का अभ्यास अभी से विद्यालय स्तर पर प्रारंभ कराया जाए। साथ ही श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन कर पुलिस लाइन में अंतिम रिहर्सल आयोजित की जाए, ताकि प्रस्तुतियों में बेहतर समन्वय एवं अनुशासन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कार्यक्रमों में देशभक्ति और राजस्थानी संस्कृति की झलक के साथ नवाचार शामिल करने तथा राजकीय एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने पुलिस विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को परेड, मार्चपास्ट एवं अन्य प्रस्तुतियों को अधिक आकर्षक बनाने के लिए नवाचार अपनाने तथा पुलिस की विशेष प्रदर्शन गतिविधियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे समारोह आमजन के लिए अधिक प्रेरक एवं आकर्षक बनेगा। इसके साथ ही प्रशासन बनाम अन्य के बीच मैत्रीपूर्ण मैच आयोजित कराने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर मंच, टेंट, बैरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, पेयजल, ध्वनि प्रसारण, विद्युत बैकअप, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा एवं साफ-सफाई सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मानसून को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ टेंट एवं अन्य आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों एवं सम्मान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं के लिए नामपट्टिका सहित सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जिससे समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में जिला कलक्टर ने स्वतंत्रता सेनानियों, वीरांगनाओं एवं उनके परिजनों के सम्मान को समारोह की सबसे महत्वपूर्ण परंपरा बताते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार वाहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के सम्मान का अवसर है।

बैठक के दौरान विद्यार्थियों एवं कलाकारों के परिवहन, रिहर्सल, आमंत्रण पत्र वितरण, प्रशस्ति पत्र चयन, डिजिटल फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, चिकित्सा दल, जलपान तथा अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही 14 एवं 15 अगस्त को प्रमुख राजकीय भवनों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक रोशनी करने तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 10 अगस्त तक प्रशस्ति पत्र के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story