सवाई माधोपुर, 10 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस समारोह को राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप आयोजित करने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कार्यवाहक जिला कलक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद गौरव बुडानिया ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करे, ताकि समारोह गरिमापूर्ण एवं यादगार बने।

सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रशासनिक सेवाओं एवं विकास कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बुडानिया ने बजट घोषणाओं, हरियालो राजस्थान अभियान एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण तथा शहरी निकायों के चुनाव की संभावित आचार संहिता से पूर्व बजट घोषणाओं से जुड़े लंबित कार्यों, प्रशासनिक स्वीकृतियों एवं भूमि आवंटन की प्रक्रियाएं प्राथमिकता से पूर्ण की जाएं।

बुडानिया ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में सभी राजकीय, अर्द्ध सरकारी कार्यालयों एवं गैर सरकारी संस्थाओं में ध्वजारोहण किया जाएगा। 15 अगस्त को जिला कलेक्टर निवास पर प्रातः 8ः15 बजे, कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रातः 8ः30 बजे तथा प्रातः 9 बजे जिला स्तरीय मुख्य समारोह रिजर्व पुलिस लाइन परेड स्थल पर ध्वजारोहण किया जाएगा।

मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा महामहिम राज्यपाल के संदेश का पठन करेंगे। समारोह के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा स्वतंत्रता सेनानी आश्रित एवं शहीद सैनिकों के आश्रित का सम्मान किया जाएगा।

कार्यवाहक जिला कलक्टर ने समारोह में होने वाली परेड, मार्चपास्ट, ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक व्यायाम, सम्मान एवं प्रशस्ति-पत्र वितरण की तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर मंच, टेंट, बैरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत बैकअप, ध्वनि व्यवस्था, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले “हर घर तिरंगा अभियान-2026” की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। बुडानिया ने अधिकारियों से अधिकाधिक नागरिकों को अभियान एवं “सेल्फी विद तिरंगा” से जोड़ने तथा हर घर तिरंगा पोर्टल https://harghartiranga.com पर फोटो अपलोड कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, आयुक्त नगर परिषद दलीप पूनिया, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिसिंह मीना, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग आर.के. मीना सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की व्यवस्थाओं के साथ बजट घोषणाओं, हरियालो राजस्थान अभियान और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा से प्रशासन ने आगामी कार्यक्रमों तथा विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story