सवाई माधोपुर। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मलारना डूंगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अवैध बनास बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त कर माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।

कार्रवाई के विवरण के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय सिंह और वृताधिकारी वृत शहर श्री जयप्रकाश अटल के सुपरविजन में थानाधिकारी मलारना डूंगर श्री राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की। हेड कांस्टेबल श्री बनवारी मय टीम द्वारा 26 जून 2026 को मोरेल नदी क्षेत्र में सघन गश्त की जा रही थी, इसी दौरान बनास बजरी का अवैध परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। पुलिस की घेराबंदी को देखते हुए ट्रैक्टर चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में थाना मलारना डूंगर पर अज्ञात चालक एवं मालिक के खिलाफ प्रकरण संख्या 137/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2) बीएनएस और 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत प्राथमिकी कायम कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल श्री बनवारी, कांस्टेबल श्री विनोद, कांस्टेबल श्री दिनेश और कांस्टेबल श्री मुरारी शामिल रहे। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई ने क्षेत्र में बजरी माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है और स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

Next Story