सवाई माधोपुर जिले के बौंली थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रयी के निर्देशानुसार जिले में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने ग्राम राठोद रपट से अवैध बजरी से भरे तीन ट्रैक्टर मय ट्रॉलियों और दो अन्य ट्रॉलियों को जब्त किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली नीलकमल मीना और पुलिस उपाधीक्षक उमेश गुप्ता के सुपरविजन में थानाधिकारी जितेंद्र सिंह सोलंकी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर आरोपी चालक अपने साधनों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। वहीं, दो ट्रैक्टरों के चालक अपने ट्रैक्टर लेकर भागने में सफल रहे, लेकिन वे बजरी से भरी ट्रॉलियों को मौके पर ही छोड़ गए। पुलिस ने मौके से पांच ट्रॉलियां और तीन ट्रैक्टर जब्त कर लिए हैं। इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303 (2) और एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फरार चालकों और ट्रैक्टर मालिकों की तलाश की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी जितेंद्र सिंह सोलंकी, सउनि रोहिताश, हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल महेंद्र, विजय और अजीतपाल की टीम शामिल रही। क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस की यह सख्ती आगे भी जारी रहेगी।

Next Story