सवाई माधोपुर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभयपुरा के पास बनास नदी से बजरी भरकर ला रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पुलिस ने जब्त कर मामले दर्ज किए हैं। जानिए क्या है पूरी खबर।

चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर मुकदमा दर्ज किया है।
सवाई माधोपुर। जिला पुलिस द्वारा अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौथ का बरवाड़ा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अवैध रूप से बजरी का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्यैष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह व वृत्ताधिकारी हंसराज बैरवा के सुपरविजन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत चौथ का बरवाड़ा थानाधिकारी महेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों की सघन निगरानी शुरू की। कार्रवाई के दौरान 9 जून 2026 को अभयपुरा क्षेत्र के पास पुलिस टीम ने अवैध बनास बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा। इस मामले में पुलिस ने धारा 303 (2) बीएनएस व 4/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत मुकदमा संख्या 180/2026 दर्ज किया है।
इसी प्रकार, एक अन्य कार्रवाई में एएसआई धर्मेंद्र सिंह की टीम ने बनास नदी की ओर से अभयपुरा आ रही एक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध बजरी से भरा हुआ पाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे भी जब्त कर लिया और थाना हाजा पर मुकदमा संख्या 181/2026 के तहत कानूनी प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस की इस सख्ती से बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है। चौथ का बरवाड़ा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
