सवाईमाधोपुर जिले में अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खण्डार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 पेटी अवैध देशी शराब, कुल 720 पव्वे, तथा परिवहन में प्रयुक्त एक बोलेरो कार जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में मनखुश गुर्जर को गिरफ्तार किया है, जबकि बोलेरो का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

यह कार्रवाई सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस, पुलिस अधीक्षक सवाईमाधोपुर के निर्देशानुसार अवैध शराब बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अभियान का सुपरविजन श्री विजय सिंह आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाईमाधोपुर तथा श्री रामधन जाट आरपीएस, वृत्ताधिकारी वृत्त ग्रामीण सवाईमाधोपुर ने किया। कार्रवाई का नेतृत्व थाना खण्डार के थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह, पुलिस निरीक्षक ने किया।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को गश्त के दौरान थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह को सूचना मिली कि बहरावण्डा खुर्द से खण्डार की ओर एक बोलेरो वाहन में अवैध शराब भरकर लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना खण्डार पुलिस ने वाहन का पीछा किया। पुलिस को देखकर बोलेरो चालक वाहन को तेज गति से मेई खुर्द गांव के जंगल की ओर कच्चे रास्ते पर ले गया। पीछा करने के दौरान चालक बोलेरो को रास्ते में छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला। इसी दौरान बोलेरो से उतरकर भाग रहे एक अन्य व्यक्ति का पुलिस ने पीछा कर उसे मौके पर पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम मनखुश गुर्जर पुत्र जुगराज गुर्जर, उम्र 20 वर्ष, निवासी बागंडदा, थाना बहरावण्डा कलां, जिला सवाईमाधोपुर बताया। इसके बाद पुलिस ने बोलेरो वाहन की तलाशी ली, जिसमें 15 पेटी अवैध देशी शराब मिली। पेटियों को खोलकर जांच करने पर उनमें कुल 720 पव्वे देशी शराब बरामद हुई।

बिना लाइसेंस के अवैध शराब का परिवहन किए जाने पर पुलिस ने बोलेरो कार तथा 720 पव्वे देशी शराब जब्त कर आरोपी मनखुश गुर्जर को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज किया। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में थाना खण्डार के थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह, एएसआई विजयसिंह तथा कांस्टेबल मुलाराम (कानि. 1462) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई यह कार्रवाई जिले में अवैध शराब तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story