सवाई माधोपुर जिले के बाटोदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पिकअप वाहनों को जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार विशेष निगरानी अभियान के तहत की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर, सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन तथा महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज श्री कैलाश विश्नोई आईपीएस के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अवैध खनन व परिवहन रोकथाम अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बौंली श्री नीलकमल मीणा आरपीएस तथा पुलिस उपाधीक्षक वृत्त बामनवास श्री सीताराम मीणा आरपीएस के निकटतम सुपरविजन में बाटोदा थानाधिकारी श्री जगदीश चंद्र पु.नि. के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 जून 2026 को रात्रि और 12 जून 2026 की तड़के लगभग 4:20 बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बहतेड़ की ओर से तीन बोलेरो पिकअप वाहन अवैध बजरी से भरकर बाटोदा की ओर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहनों का पीछा शुरू किया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने के बावजूद वाहन चालक तेज गति से थाना की ओर भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने रणनीति अपनाते हुए थाना परिसर के सामने वाहनों को रोक लिया।

वाहनों की जांच में तीनों पिकअप में अवैध बजरी भरी पाई गई। मौके पर ही पुलिस ने तीनों वाहन जब्त कर लिया तथा चालकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुकम सिंह गुर्जर, जारिफ और अरमान उर्फ अमन के रूप में हुई है, जो मलारना डूंगर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें बीएनएस की धारा 305(ई) तथा एमएमडीआर एक्ट की धारा 4/21 के तहत कार्रवाई में लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्री जगदीश चंद्र, उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह, कानि. हेमन्त (1143) एवं कानि. रतिराम (1492) सहित पुलिस टीम शामिल रही। अवैध बजरी खनन और परिवहन पर इस सख्त कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था और खनन माफिया पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story