सवाई माधोपुर में अवैध क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई
सवाई माधोपुर और गंगापुर सिटी में बिना पंजीकरण चल रहे चिकित्सा केंद्रों को सील किया गया, भारी मात्रा में दवाएं भी जब्त की गईं।

तस्वीर में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एक कमरे के दरवाजे को सील करते हुए दिख रहे हैं, जबकि दूसरे अधिकारी फोन पर बात कर रहे हैं।
सवाई माधोपुर। जिले में अवैध रूप से संचालित चिकित्सा केंद्रों और झोलाछाप डॉक्टरों के विरुद्ध मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में बुधवार, 25 जून 2026 को की गई एक औचक कार्रवाई ने स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा दिया। इस छापामार कार्रवाई के दौरान बामनवास और गंगापुर सिटी में संचालित कई अवैध चिकित्सा प्रतिष्ठानों की पोल खुल गई, जहां बिना पंजीकरण और पात्रता के मरीजों के उपचार के साथ-साथ गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
कार्रवाई का मुख्य केंद्र बामनवास का पट्टीकला क्षेत्र रहा, जहां वार्ड नंबर 14, मेन मार्केट, खाती मोहल्ला में स्थित एक अपंजीकृत क्लीनिक पर औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण टीम को देखते ही वहां अवैध चिकित्सा अभ्यास कर रहे श्रीवास अधिकारी पुत्र प्रियनाथ अधिकारी और उनके सहयोगी रामराज बैरवा इलाज कर रहे मरीज को बीच में ही छोड़कर मौके से फरार हो गए। क्लीनिक की तलाशी लेने पर बिना ड्रग लाइसेंस के एलोपैथी दवाओं का भारी जखीरा, सिरिंज, इंजेक्शन और गर्भपात संबंधी किट बरामद की गईं। जांच में यह भी सामने आया कि क्लीनिक का न तो कोई वैध पंजीकरण है, न ही श्रीवास अधिकारी और रामराज बैरवा के पास कोई मान्य शैक्षणिक दस्तावेज मौजूद हैं। इसके अतिरिक्त, वहां बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण और प्रदूषण नियंत्रण का भी कोई प्रमाण पत्र नहीं मिला। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए टीम ने तुरंत प्रभाव से क्लीनिक के दवाई कक्ष और मरीज भर्ती वार्ड को सील कर दिया। साथ ही, मौके पर मिली दवाओं की सूची बनाकर उन्हें जब्त कर लिया गया और संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस कार्रवाई की भनक लगते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के सामने स्थित अन्य अवैध व अपंजीकृत डायग्नोस्टिक लैब संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद करके रफूचक्कर हो गए।
इसी क्रम में टीम ने गंगापुर सिटी में भी दबिश दी। उदई मोड के पास स्थित कटले में सीताराम अग्रवाल पुत्र दामोदर लाल अग्रवाल द्वारा संचालित अवैध चिकित्सा केंद्र और कॉलेज रोड पर संचालित 'श्री सांवरिया डायग्नोस्टिक एंड होम कलेक्शन सेंटर' का निरीक्षण किया गया। इन केंद्रों पर भी वैध पंजीकरण प्रमाण पत्र का अभाव पाया गया, जिस पर विभाग ने तुरंत इनका संचालन बंद करवाकर भारी जुर्माना (पेनल्टी) लगाया और शीघ्र पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। इस व्यापक कार्रवाई में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय सवाई माधोपुर के केस ऑफिसर एवं डीपीसी (पीसीपीएनडीटी) आशीष गौतम, बामनवास सीएचसी प्रभारी डॉ. आर.सी. मीणा और सहायक प्रशासनिक अधिकारी प्रसून मिश्रा शामिल रहे। डॉ. अनिल कुमार जैमिनी ने स्पष्ट किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध संचालक को बख्शा नहीं जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
