सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर-1 में पिछले कई महीनों से पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीवन दूभर हो गया है। भीषण गर्मी के बीच पानी के अभाव में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों और बोरिंगों तक भटकने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों पर घोर अनदेखी के आरोप लगाए हैं। कॉलोनी निवासी प्रिया ने बताया कि सेक्टर-1 के पांच-छह घरों में पिछले चार से पांच महीनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इस समस्या के बारे में जलदाय विभाग को कई बार मौखिक और फोन के माध्यम से शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल आश्वासन देकर टाल दिया जाता है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक ओर जिला कलेक्टर कानाराम साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हैं, वहीं दूसरी ओर जलदाय विभाग के अधिकारी उन निर्देशों को गंभीरता से लेने के बजाय नजरअंदाज कर रहे हैं। विभाग द्वारा प्रतिदिन टैंकर भेजने का दावा किया जाता है, लेकिन जरूरतमंद घरों तक टैंकर नहीं पहुंच पा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, टैंकर अन्य स्थानों पर पानी खाली कर वापस लौट जाते हैं, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान न होने से परेशान निवासियों ने जिला प्रशासन और जलदाय विभाग से मांग की है कि सेक्टर-1 में तत्काल पेयजल आपूर्ति बहाल की जाए, दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय हो और प्रभावित परिवारों को नियमित जलापूर्ति उपलब्ध कराई जाए ताकि उन्हें पानी के लिए रोजाना भटकने से राहत मिल सके।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story