सवाई माधोपुर। जिला मुख्यालय के रणथंभौर स्थित 'होटल जंगल बुक' (Hotel Jungle Book) में बिजली का कार्य करते समय करंट लगने से एक होटल कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने रणथंभौर रोड पर शेरपुर हेलिपैड के निकट जाम लगाकर धरना प्रदर्शन किया। देर शाम जिला प्रशासन और मृतक पक्ष के बीच उचित सहमति बनने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।

बिजली का कार्य करते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार जनकपुर की ढाणी निवासी 32 वर्षीय हरकेश मीणा पिछले दो वर्षों से होटल में हाउसकीपिंग का कार्य कर रहा था। बीते दिन होटल परिसर में बिजली का कार्य करते समय उसे करंट लग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि होटल प्रबंधन ने बिना सूचना दिए ही शव को जिला अस्पताल पहुंचा दिया तथा बाद में उन्हें जानकारी दी गई। परिजन शाम करीब सात बजे अस्पताल पहुंचे, तब तक शव को मोर्चरी में रखवाया जा चुका था।

मुआवजे की मांग को लेकर रणथंभौर रोड पर प्रदर्शन

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शुक्रवार सुबह रणथंभौर रोड पर जाम लगाकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए, बच्चों की 12वीं कक्षा तक शिक्षा का खर्च होटल प्रबंधन उठाए, एक बीघा भूमि उपलब्ध कराई जाए, मुख्यमंत्री सहायता कोष से आर्थिक मदद दी जाए तथा रणथंभौर क्षेत्र के होटलों में कार्यरत कर्मचारियों के बीमा, मेडिकल सुविधा एवं पीएफ की जांच सुनिश्चित की जाए।

प्रशासनिक हस्तक्षेप और वार्ता का दौर

परिजनों का यह भी आरोप था कि घटना के बाद होटल संचालक अस्पताल से चले गए थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि "मांगें पूरी नहीं होने तक वे पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे।" मौके पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश के प्रयास किए। कई दौर की वार्ता के बाद देर शाम सहमति बनी।

समझौते के बाद पोस्टमार्टम और धरना समाप्ति

मामले को लेकर एसडीएम गौरव मित्तल ने बताया कि "होटल प्रबंधन की ओर से मृतक के परिजनों को लगभग 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही परिजनों को पालनहार योजना एवं विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।" सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया तथा धरना समाप्त कर दिया गया।

Updated On
Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story