सवाई माधोपुर जिला चिकित्सालय में रामाश्रय स्वास्थ्य शिविर आयोजित, बुजुर्गों की हुई निशुल्क जांच
वरिष्ठ नागरिकों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ परामर्श, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय में सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक शिविर लगाया गया।

सवाई माधोपुर, 6 मार्च। जिला चिकित्सालय में शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष रामाश्रय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें बुजुर्गों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
वृद्धजनों को एक ही छत के नीचे मिलीं समस्त सुविधाएं
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीणा ने बताया कि "शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों को समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अलग-अलग विभागों में भटकना न पड़े और एक ही स्थान पर आवश्यक जांच व परामर्श मिल सके।" रामाश्रय कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अतुल जैन ने बताया कि शिविर में रक्तचाप और डायबिटीज की जांच के साथ-साथ अस्थि रोग, नेत्र जांच, अल्जाइमर व डिमेंशिया की जांच, आंख-नाक-कान-गला (ईएनटी) रोगों की जांच तथा फिजियोथेरेपी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ, अस्थि रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ, मनोरोग चिकित्सक और फिजियोथेरेपिस्ट सहित कई चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान आने वाले सभी मरीजों को निशुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।
लाभार्थियों को मिला त्वरित निशुल्क उपचार
सवाई माधोपुर जिले के छान कस्बे की रहने वाली चंचल को आंखों से देखने में परेशानी हो रही थी। जिला स्तर पर आयोजित रामाश्रय शिविर में उन्होंने नेत्र रोग विशेषज्ञ से अपनी आंखों की जांच करवाई। यहां उनकी आंखों की जांच, परामर्श और दवाइयां पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। चंचल ने सरकार द्वारा दी जा रही इन स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
इसी प्रकार धन्ना देवी भी शिविर में उपचार के लिए पहुंचीं। वह डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की समस्या से ग्रस्त हैं। शिविर में उन्हें चिकित्सक से परामर्श, शुगर व बीपी की जांच तथा दवाइयां निशुल्क प्रदान की गईं। एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलने से बुजुर्ग मरीजों में संतोष और प्रसन्नता देखने को मिली।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
