सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में 148 जांचें निःशुल्क, हब एंड स्पोक मॉडल लागू
राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार कृष्णा लैब के सहयोग से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए 148 प्रकार की जांचें और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई।

सवाई माधोपुर, 10 मार्च। राज्य सरकार के निर्देशानुसार हब एंड स्पोक मॉडल के तहत जिला अस्पताल सवाई माधोपुर में मरीजों को विभिन्न जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। निदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्थान जयपुर के निर्देशों की पालना में सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर में 148 प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेगी।
सुचारु संचालन हेतु अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. तेजराम मीना द्वारा कार्यालय आदेश जारी कर जांचों के सुचारु संचालन और व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके तहत डॉ. मानवेंद्र प्रताप शुक्ल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को मुख्यमंत्री निःशुल्क निरोगी (जांच) योजना की रिपोर्टिंग एवं नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. बनवारी लाल मीना, सहायक आचार्य (पैथोलॉजी) को कृष्णा लैब का चिकित्सा अधिकारी प्रभारी बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए डॉ. गायत्री मीना, डॉ. हेमेन्द्र कुमार शर्मा तथा डॉ. दीपक शर्मा को भी दायित्व सौंपे गए हैं।
तकनीकी सहयोग और लैब प्रबंधन
जांच व्यवस्था के संचालन की जिम्मेदारी वरिष्ठ तकनीकी सहायक वृंदावन मथुरिया को सौंपी गई है, जो कृष्णा लैब का संचालन सुनिश्चित करेंगे। वहीं एम/एस कृष्णा डायग्नोस्टिक्स लिमिटेड, पुणे द्वारा आवश्यक मशीनें, रिएजेंट्स तथा तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। चिकित्सालय में आने वाले ओपीडी और आईपीडी मरीजों की जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए सभी चिकित्सकों और वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। सभी चिकित्सकों और वार्ड प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों की जांच पर्ची पर स्पष्ट रूप से जांच लिखकर सील और हस्ताक्षर सहित नमूने समय पर लैब तक भिजवाना सुनिश्चित करें, ताकि जांच रिपोर्ट निर्धारित समय में तैयार कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा सके।
रिपोर्ट वितरण और मरीजों के लिए आवश्यक निर्देश
इसके साथ ही मरीजों को जांच रिपोर्ट वितरण की व्यवस्था भी निर्धारित काउंटर के माध्यम से की जाएगी, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट मिल सके। उन्होंने चिकित्सालय आने वाले मरीजों से अपील करते हुए कहा कि "सभी मरीज अपने जन आधार एवं आभा आईडी साथ लाए। जिनके पास आभा आईडी नहीं है वे नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र या एएनएम से संपर्क कर अपनी आभा आईडी बनवा सकते हैं।" इस व्यवस्था के लागू होने से जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को अधिकतम जांचें निःशुल्क, सुगम और त्वरित रूप से उपलब्ध हो सकेंगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
