हिन्दुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स राजस्थान राज्य, जिला मुख्यालय सवाई माधोपुर के तत्वावधान में 17 मई से संचालित अभिरुचि एवं कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर (समर कैंप) में बालिकाओं एवं महिलाओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। जिलेभर में आयोजित विभिन्न कौशल प्रशिक्षण शिविरों में बड़ी संख्या में बालिकाएं पंजीकरण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

जिला स्काउट सचिव रूपनारायण गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि हिन्दुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स द्वारा जिले के 10 केंद्रों पर कला एवं कौशल आधारित प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का प्रमुख उद्देश्य बालिकाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से जोड़ना है, जिससे वे आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बन सकें।

उन्होंने बताया कि इन शिविरों में सिलाई कला, मेहंदी, ब्यूटी पार्लर, डांस, ड्राइंग, हारमोनियम एवं ढोलक वादन, इंग्लिश स्पोकन, हस्तकला तथा अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी सामग्री निर्माण सहित विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रतिभागियों को विविध कौशलों में दक्ष बनाकर उन्हें रोजगारोन्मुख दिशा दी जा रही है।

जिला ऑर्गेनाइजर (गाइड) अरुणा गौतम ने बताया कि शिविरों का आयोजन शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं एवं महिलाओं को भी कौशल विकास प्रशिक्षण का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से युवतियों में आत्मविश्वास एवं रोजगारपरक कौशल का निरंतर विकास हो रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि शिविरों में बालिकाएं उत्साहपूर्वक एक से अधिक ट्रेडों में पंजीकरण कर रही हैं। हरसहाय कटला स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय तथा मलारना डूंगर के बालिका विद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण शिविरों में भी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की है।

हिन्दुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स की यह पहल बालिकाओं एवं महिलाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक प्रभावी और सार्थक कदम साबित हो रही है।

फोटो कैप्शन: 18 पीआरओ 10 एवं 11 प्रशिक्षण शिविर में भाग लेते प्रतिभागी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story