सवाई माधोपुर, 24 सितम्बर। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से गुरुवार को लिटिल स्टार इंग्लिश स्कूल में राजभाषा हिंदी के महत्व पर संगोष्ठी और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हिंदी के राजभाषा स्वरूप, महत्व और देश की प्रशासनिक एवं सांस्कृतिक एकता में इसकी भूमिका की जानकारी दी गई।

संगोष्ठी में ब्यूरो के प्रभारी अधिकारी नेमीचंद मीणा ने राजभाषा हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हर साल 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने हिंदी भाषा को देवनागरी की लिपि में देश की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। भारत की राजभाषा के रूप में हिंदी देश को आपस में जोड़ने, प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाने और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने का एक मुख्य माध्यम है।

उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343(1) के तहत 14 सितंबर 1949 को देवनागरी की लिपि में लिखी जाने वाली हिंदी को संघ की राजभाषा का दर्जा दिया गया था। राष्ट्रभाषा वह भाषा है, जो किसी राष्ट्र के बहुसंख्यक नागरिकों द्वारा बोली-समझी जाती है। यह देश की सांस्कृतिक व राष्ट्रीय एकता का प्रतीक होती है।

संगोष्ठी में विद्यालय के निदेशक रवींद्र कुमार जैन, प्रिंसिपल राजवीर शर्मा और हिंदी के अध्यापक मनीष वर्मा ने भी राजभाषा हिंदी पर अपने विचार व्यक्त किए और उपस्थित छात्र-छात्राओं को जानकारी दी।

कार्यक्रम में राजभाषा हिंदी पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में विजयी रहे छात्र-छात्राओं को ब्यूरो की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के धर्मराज जैन ने हिंदी पखवाड़े पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राजभाषा हिंदी के महत्व और इसके संवैधानिक स्वरूप की जानकारी प्रदान की गई।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story