दृष्टि संबंधी समस्या से उड़ने में असमर्थ मिला हिमालयन गिद्ध, रणथम्भौर वन्यजीव चिकित्सालय में उपचार के बाद निगरानी में रखा
दृष्टि संबंधी समस्या के कारण उड़ने में असमर्थ हिमालयन गिद्ध को वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर रणथम्भौर वन्यजीव चिकित्सालय में भर्ती कराया।

सवाई माधोपुर के रणथम्भौर वन्यजीव चिकित्सालय में हिमालयन गिद्ध का उपचार करते चिकित्साकर्मी दिख रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिले के भगवतगढ़ वनक्षेत्र में दृष्टि संबंधी समस्या के कारण उड़ने में असमर्थ मिले विलुप्त प्रजाति के हिमालयन गिद्ध को वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित रूप से रणथम्भौर वन्यजीव चिकित्सालय पहुंचाया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। उपचार के बाद गिद्ध को निगरानी के लिए सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
12 नवंबर को वनपाल नाका भगवतगढ़ के अधीन वनक्षेत्र जटवाड़ा कलां में हिमालयन गिद्ध के उड़ने में असमर्थ होने की सूचना मिलने पर उप वन संरक्षक, सवाई माधोपुर के निर्देशन में सामाजिक वानिकी के कर्मचारियों ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद गिद्ध को वन्यजीव चिकित्सालय, रणथम्भौर बाघ परियोजना, सवाई माधोपुर लाया गया। यहां विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. चन्द्रप्रकाश मीना और सहयोगी स्टाफ ने उसका उपचार किया। उपचार के बाद उसे पौधाशाला आलनपुर स्थित सुरक्षित जालीदार शेड में रखा गया।
इस दौरान पूरण मल बैरवा, वनपाल नाका भगवतगढ़, ताराचन्द यादव, वनपाल नाका सदर सवाई माधोपुर, विरेन्द्र सिंह वनरक्षक, नरसी मीना वनरक्षक, किशन लाल मीना टेक्नीशियन-III, बाबू लाल गुर्जर वनमित्र और धनराज योगी मौजूद रहे।
रणथम्भौर टाइगर रिजर्व के उपनिदेशक (पशु चिकित्सा) डॉ. चंद्रप्रकाश मीणा ने बताया कि हिमालयन गिद्ध को आवश्यकतानुसार विटामिन एवं फ्लूइड देकर उपचार किया गया है। उपचार के बाद उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है, जहां सामाजिक वानिकी के वन कर्मचारी उसकी निगरानी कर रहे हैं।
डॉ. मीणा ने बताया कि हिमालयन गिद्ध पारिस्थितिकी तंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण पक्षी है। यह मृत जीवों का निस्तारण कर प्रकृति के सफाईकर्मी की भूमिका निभाता है। इसके साथ ही संभावित संक्रमण और जूनोटिक बीमारियों के प्रसार को नियंत्रित करने में भी इसका महत्वपूर्ण योगदान है। इस तरह यह पक्षी वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि हिमालयन गिद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की प्रथम अनुसूची में संरक्षित महत्वपूर्ण पक्षी है। ऐसे में भगवतगढ़ वनक्षेत्र में मिले इस गिद्ध का सुरक्षित रेस्क्यू, उपचार और निगरानी वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
