सवाई माधोपुर: मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, विशेष अभियान शुरू
30 सितंबर तक 'स्वास्थ्य दल आपके द्वार' अभियान चलाकर घर-घर लार्वा की जांच और एंटी लार्वा गतिविधियां की जाएंगी।

तस्वीर में सवाई माधोपुर में स्वास्थ्य कर्मी बोतल से रसायन डालकर मच्छरों के लार्वा की जांच करता दिख रहा है।
सवाई माधोपुर में मौसमी बीमारियों के साथ चिकनगुनिया और स्वाइन फ्लू की संभावित आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिल कुमार जेमिनी ने बताया कि जिले के सभी चिकित्सा संस्थानों में स्वाइन फ्लू और मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियां समय पर पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सात सितंबर से मच्छर जनित बीमारियों के खिलाफ विशेष अभियान भी शुरू किया गया है।
विभाग की ओर से सात सितंबर से स्वास्थ्य दल आपके द्वार अभियान का द्वितीय चरण शुरू किया गया है, जो 30 सितंबर तक चलेगा। अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर सर्वे करने के साथ दवा का छिड़काव करेंगे। आशा, एएनएम, सीएचओ और डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स की टीमें घर-घर जाकर मच्छरों के लार्वा की जांच करेंगी। बुखार के रोगियों की रक्त पट्टिका ली जाएगी और एंटी लार्वा गतिविधियां की जाएंगी।
स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, ठंड लगना, लगातार खांसी, गले में खराश, नाक बहना, सिरदर्द, बदन दर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पुरानी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेष सावधानी बरतने तथा लक्षण दिखाई देते ही नजदीकी अस्पताल में संपर्क करने की सलाह दी गई है।
सीएमएचओ ने चिकित्सा अधिकारियों को अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, जांच, उपचार और संदिग्ध मरीजों की निगरानी व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। चिकनगुनिया, स्वाइन फ्लू और मौसमी बीमारियों के लक्षण वाले मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें तुरंत चिकित्सकीय परामर्श दिया जाएगा।
अभियान के तहत नगर निगम और पंचायती राज विभाग के समन्वय से नालियों में एमएलओ डाला जाएगा। कचरा संग्रहण हूपर गाड़ियों से माइकिंग कर आमजन को जागरूक किया जाएगा। जिन घरों में मच्छर के लार्वा पाए जाएंगे, वहां नोटिस जारी कर चालान काटने की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की यह व्यवस्था मौसमी बीमारियों और मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए 30 सितंबर तक अभियान के रूप में जारी रहेगी।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
