सवाई माधोपुर जिले में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में संचालित ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत 10 अगस्त को ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं नगर निकाय स्तर पर तिरंगा वाहन रैलियां निकाली जाएंगी। इन रैलियों के माध्यम से जिलेभर में राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और नागरिकों को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा ने बताया कि तिरंगा वाहन रैलियों में ई-रिक्शा, बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर, ऑटो एवं अन्य वाहनों को तिरंगे से सजाया जाएगा। रैलियों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं, राजीविका स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, युवा मंडल, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड तथा बड़ी संख्या में आमजन सहभागिता करेंगे।

उन्होंने बताया कि रैली के दौरान राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखते हुए देशभक्ति गीतों एवं नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश प्रसारित किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा भारत सरकार के हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपनी फोटो अपलोड करने का आह्वान किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी विभागों, स्थानीय निकायों एवं पंचायतों को अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकतम जनभागीदारी के साथ तिरंगा वाहन रैलियों का सफल आयोजन करने को कहा गया है। 10 अगस्त को जिलेभर में आयोजित होने वाली ये रैलियां ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत नागरिकों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story