सवाई माधोपुर: कुशालीपुरा में कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति को लेकर गुर्जर समाज में आक्रोश
मूर्ति स्थापना में देरी पर गुर्जर समाज ने कलेक्टर और एसपी को सौंपा ज्ञापन, 30 अप्रैल तक निर्माण पूरा न होने पर दी बड़े आंदोलन की चेतावनी।

सवाई माधोपुर में कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते गुर्जर समाज के लोग।
सवाई माधोपुर के कुशालीपुरा स्थित गुर्जर आरक्षण शहीद स्मारक पर कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति नहीं लगने से गुर्जर समाज में आक्रोश व्याप्त है। कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति नहीं लगने से नाराज़ गुर्जर समाज फिर मुखर होने लगा है। इसी कड़ी में गुर्जर समाज की ओर से आज कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगवाने को लेकर कलेक्टर कानाराम और एसपी ज्येष्ठा मैत्रयी को ज्ञापन सौंपा गया है।
प्रशासन की लेटलतीफी और समाज का असंतोष
ज्ञापन में गुर्जर समाज के लोगों ने बताया कि पूर्व में गुर्जर आरक्षण आन्दोलन हुआ था, जिसमें गुर्जर समाज के दो लोग शहीद हुए थे। 31 मई 2007 को शहीद होने के बाद प्रशासन से वार्ता कर समझौता अनुसार प्रशासन एवं जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कुशालीपुरा में उनका अंतिम संस्कार किया गया और उनकी याद में वहीं पर चबूतरा निर्माण किया गया था, जिस पर आर.सी.सी. के पिल्लर भी खड़े किए जा चुके हैं। यहां कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला की मूर्ति लगवाना प्रस्तावित है। इसे लेकर गुर्जर समाज की जिला कलेक्टर, एसपी और स्थानीय विधायक के साथ दो-तीन दौर की बैठक हुई, जिसमें स्थानीय विधायक ने दो माह व प्रशासन ने चार माह का समय मांगा था कि नियत समय में निर्माण पूर्ण कर मूर्ति लगा देंगे, लेकिन 6 माह से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी कोई प्रगति नहीं हुई है।
30 अप्रैल तक का अल्टीमेटम और आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन में गुर्जर समाज ने चेतावनी दी है कि इस काम को 30 अप्रैल तक पूरा किया जाए नहीं तो गुर्जर समाज 30 अप्रैल को बड़ा आंदोलन कर यहां मूर्ति लगाएगा। ज्ञापन में गुर्जर समाज ने बताया कि या तो प्रशासन इसकी अनुमति प्रदान करे, वरना यदि कोई भी जनहानि या नुकसान होता है तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
