सवाई माधोपुर, 6 जुलाई। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से सवाई माधोपुर जिले की ग्राम पंचायत मोरपा में वर्षों से चली आ रही एक जटिल प्रशासनिक समस्या का तत्काल समाधान हुआ है। राजस्व ग्राम काजी कुंडली निवासी किसान बुद्धिराज पुत्र नाथूलाल मीना को उस समय बड़ी राहत मिली, जब शिविर में उनके राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नाम की त्रुटि को दुरुस्त कर दिया गया।

बुद्धिराज ने शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनके खाता संख्या 91, 132, 150, 157 एवं 183, जिनका कुल रकबा 4.48 हेक्टेयर है, के राजस्व रिकॉर्ड में उनका नाम बुद्धिप्रकाश पुत्र नाथ्या दर्ज था। इस त्रुटि के कारण पिछले सात-आठ वर्षों से उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिविर प्रभारी ने तत्काल गिरदावर एवं पटवारी को मौके पर जांच के निर्देश दिए। जांच में आवेदन सही पाए जाने के बाद राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूरी की गई और आवेदक का नाम बुद्धिराज पुत्र नाथूलाल मीना, निवासी काजी कुंडली के रूप में शुद्ध दर्ज कर दिया गया। नाम में सुधार होते ही बुद्धिराज को वर्षों की कानूनी और प्रशासनिक परेशानी से मुक्ति मिल गई।

राजस्व रिकॉर्ड शुद्ध होने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बुद्धिराज ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए एक सशक्त और प्रभावी माध्यम साबित हो रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें भविष्य में सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस दौरान शिविर में बुद्धिराज को नाम शुद्धिकरण का प्रमाण पत्र भी सौंपा गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story