जिले में ग्रामीण क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 27 अप्रैल से 15 दिवसीय ‘ग्राम रथ अभियान’ का शुभारंभ होगा। जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में रविवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि यह अभियान जिले के सभी ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के 8 ब्लॉकों एवं 262 ग्राम पंचायतों में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत एलईडी मोबाइल वैन प्रत्येक ग्राम पंचायत में पहुंचकर ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगी। साथ ही 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाली ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (GRAM) 2026’ के प्रति किसानों, पशुपालकों एवं निवेशकों को जागरूक किया जाएगा।

अभियान के दौरान ‘ग्राम’ से जुड़े कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज और ग्रामीण विकास सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। ग्राम रथों में सुझाव पेटिका का भी प्रावधान किया गया है, जिसके माध्यम से स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्याएं और उत्कृष्ट सुझाव राज्य सरकार तक भिजवा सकेंगे।

अभियान का एक प्रमुख आकर्षण प्रतिदिन विश्राम स्थल पर आयोजित होने वाली संध्या चौपाल होगी। रथों के साथ चलने वाले कला जत्था के स्थानीय कलाकार सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026’ का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा कृषकों, पशुपालकों और निवेशकों को इसमें भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।

अभियान के प्रभावी संचालन और मॉनिटरिंग के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी तथा संबंधित उपखंड अधिकारियों को विधानसभा स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान में जनप्रतिनिधियों और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कर इसे प्रभावी बनाया जाए। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी, भागीदारी और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story