सवाई माधोपुर, 3 जून। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन की पहुंच अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को सवाई माधोपुर जिले की सुदूर ग्राम पंचायत कुरेड़ी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। सवाई माधोपुर-करौली जिलों और राजस्थान-मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित इस महत्वपूर्ण आयोजन में जिला कलेक्टर काना राम ने ग्रामीणों की परिवेदनाओं को अत्यंत गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए।

पंचायत समिति खंडार के अंतर्गत स्थित इस सीमावर्ती क्षेत्र में चौपाल को संबोधित करते हुए जिला कलेक्टर ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने गोबर खाद के उपयोग को बढ़ावा देने और डीएपी व यूरिया के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग धीरे-धीरे सीमित करने की अपील की। कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल भूमि की उर्वरक क्षमता बढ़ाएगी, बल्कि आने वाली पीढ़ी को एक स्वस्थ जीवन भी प्रदान करेगी।

कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुरेड़ी में कक्षा 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले अंशुल चौधरी और कक्षा 10वीं में सर्वाधिक अंक अर्जित करने वाले अभिषेक बैरवा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, सात टीबी रोगियों को निक्षय किट वितरित की गईं और मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना के लाभार्थियों को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया।

पशुपालन विभाग ने इस दौरान मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना, कृत्रिम गर्भाधान योजना एवं पशुओं के लिए जारी ग्रीष्मकालीन एडवाइजरी की जानकारी ग्रामीणों को दी। कृषि विभाग ने बताया कि फसल बीमा योजना के लिए पंजीकरण 1 जून से शुरू हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष जिले के किसानों को फसल बीमा से 45 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ प्राप्त हुआ था। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान आरोग्य बीमा योजना, महिलाओं के लिए एचपीवी वैक्सीन, गैर संचारी रोगों की जांच और टीबी मुक्त भारत अभियान के बारे में विस्तार से जागरूक किया। जिला कलेक्टर ने सात दिन से अधिक खांसी होने पर जांच करवाने और बीपी-शुगर जैसी बीमारियों की नियमित जांच पर विशेष जोर दिया।

रात्रि चौपाल में वन विभाग द्वारा खातेदारी भूमि पर कब्जे, बैरवा बस्ती में श्मशान घाट विकास, मंदिर मार्ग पर मोरम डलवाने, पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था से जुड़ी 22 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। कलेक्टर ने वन भूमि प्रकरण में नक्शा तलब कर सेटलमेंट सर्वे कराने, श्मशान घाट के लिए गुरु गोवलंकर योजना अंतर्गत प्रस्ताव भिजवाने और रास्ते के कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने नए ट्यूबवेल की खुदाई पूर्ण होने की सूचना देते हुए शीघ्र जलापूर्ति का आश्वासन दिया, वहीं विद्युत कटौती की शिकायतों पर भी सुधार के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी वर्षा मीणा, विकास अधिकारी जगदीश मित्तल, तहसीलदार जयप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story