सवाई माधोपुर की हर ग्राम पंचायत में बनेगा माय भारत क्लब, युवाओं को मिलेगा नया मंच
सवाई माधोपुर में हर ग्राम पंचायत में माय भारत क्लब गठन की तैयारी, युवाओं के रजिस्ट्रेशन में जिला राजस्थान में पहले स्थान पर पहुंचा।

तस्वीर में सवाई माधोपुर कलक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारी नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में अब “माय भारत क्लब” का गठन किया जाएगा। नशामुक्त एवं विकसित भारत बनाने, जमीनी स्तर पर सुशासन को मजबूत करने तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। जिला कलक्टर काना राम ने इसके लिए 30 जुलाई तक शिक्षा विभाग के साथ समन्वय कर सभी ग्राम पंचायतों में क्लबों के गठन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में “मेरा युवा भारत” पोर्टल, “माय भारत यूथ क्लब”, “विकसित भारत युवा नेता” संवाद कार्यक्रम तथा “नशामुक्त युवा विकसित भारत” अभियानों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि नशामुक्ति अभियान के लिए जिले के युवाओं का रजिस्ट्रेशन 27 जुलाई तक पूरा किया जाए और ग्राम पंचायत स्तर पर युवा क्लबों का गठन 30 जुलाई तक सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि माय भारत पोर्टल पर विशेष रजिस्ट्रेशन अभियान के दौरान 15 अगस्त तक जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के शत-प्रतिशत युवाओं का पंजीयन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को पोर्टल की जानकारी उपलब्ध कराने और उन्हें इन अभियानों से सक्रिय रूप से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर माय भारत यूथ क्लब के गठन से ग्रामीण युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिलेगा।
बैठक में जिला युवा अधिकारी हर्षित खण्डेलवाल ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त तक चल रहे विशेष अभियान के दौरान माय भारत पोर्टल पर सवाई माधोपुर जिले में 11 हजार से अधिक युवाओं का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। इस अवधि में रजिस्ट्रेशन की संख्या के आधार पर सवाई माधोपुर जिला राजस्थान में पहले स्थान पर है। जिले में अब तक कुल 58 हजार युवाओं का पोर्टल पर पंजीकरण किया जा चुका है।
जिला कलक्टर ने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। युवाओं में राष्ट्र निर्माण के प्रति समझ विकसित करने के लिए जिलेभर में विकसित भारत युवा नेता संवाद कार्यक्रम के तहत प्रश्नोत्तरी एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अधिकाधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नशामुक्त युवा विकसित भारत अभियान के तहत अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, विभिन्न संस्थाओं और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता के लिए रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएं। नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं उसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म निर्माण, नारा लेखन सहित अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कलक्टर काना राम ने इसके लिए गतिविधि कलेण्डर तैयार कर उसके अनुसार कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रमों में पेंटिंग प्रतियोगिता, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता तथा 3 से 5 मिनट की मौलिक कविता पाठ जैसी गतिविधियों को भी शामिल करने को कहा।
बैठक में सभी ब्लॉक मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों एवं अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में यूथ क्लबों का गठन कर उनका माय भारत पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला युवा अधिकारी को नशामुक्त युवा अभियान के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मीना लसाड़िया, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना, सहायक निदेशक शिवचरण मीना, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मनोज कुमार मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
