सवाई माधोपुर में श्री गणेश सेवा समिति, विनोबा बस्ती की ओर से आयोजित होने वाले 25वें भव्य श्री गणेश महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। महोत्सव की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष 25वां महोत्सव होने के कारण इसे रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।

बैठक समिति अध्यक्ष सुरजीत कुमार वर्मा की अध्यक्षता में हुई। इसमें आगामी 14 सितंबर से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाले गणेश महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई और समिति के सभी सदस्यों को उनकी जिम्मेदारियां एवं दायित्व सौंपे गए।

समिति कोषाध्यक्ष धीरज कर्मावत ने बताया कि इस वर्ष का गणेश महोत्सव विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि 25वां महोत्सव रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इस अवसर पर गणपति बप्पा की आराधना, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में रंगने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव और सेवा भावना को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा।

महोत्सव के विसर्जन दिवस पर श्री गणेश जी की विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। गणपति बप्पा के जयकारों, भजन-कीर्तन, धार्मिक झांकियों और विभिन्न आकर्षणों के माध्यम से शोभायात्रा के दौरान पूरा वातावरण गणेशमय बनाया जाएगा।

समिति की ओर से बताया गया कि शोभायात्रा को भव्य एवं अनुशासित बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालु “गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया” के जयघोष के साथ भगवान श्री गणेश को भावभीनी विदाई देंगे।

समिति की ओर से कहा गया—

“हे गणपति देवा, दूर करो सब संकट सारे,

तेरी कृपा से जीवन में खुशियों के दीप जलें हमारे।”

समिति संयोजक श्रवण सिंह गवारिया को महोत्सव से जुड़ी तैयारियां बड़े पैमाने पर समय रहते पूर्ण करने की जिम्मेदारी दी गई। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रजत जयंती वर्ष होने के कारण इस बार महोत्सव को पहले से अधिक भव्य, दिव्य और आध्यात्मिक स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में श्रीदास जी, राजतिलक, राजवीर, सावन, विवेकी, गौतम, बिरजू, श्रवण सिंह, अरविन्द, राजीव, संजू, सोपी, हरकेश, संजय, विवेक, राज, अक्षुनी, आनंद, डिग्गी सिंह, गौरव, मोनू, तुषार, गोलू और हरिओम सहित समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

समिति पदाधिकारियों ने विनोबा बस्ती सहित सवाई माधोपुर के समस्त श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमी बंधुओं से 25वें भव्य श्री गणेश महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। समिति ने श्रद्धालुओं से प्रथम पूज्य गणपति के चरणों में श्रद्धा के पुष्प अर्पित करने और भक्ति एवं सेवा के साथ रजत जयंती गणेश महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story