सवाई माधोपुर, 9 अप्रैल। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार एवं जिले के लीड बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से संचालित बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान (आरएसईटीआई), सवाई माधोपुर द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए निःशुल्क 14 दिवसीय जूट उत्पाद निर्माण एवं सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी शनिवार 11 अप्रेल से प्रारंभ होगा। संस्थान द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह प्रशिक्षण 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की ग्रामीण महिलाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए आवश्यक कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होगा।

प्रशिक्षण की सुविधाएं एवं आवश्यक दस्तावेज

प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों को निःशुल्क ड्रेस, आवास (हॉस्टल सुविधा), भोजन, चाय एवं नाश्ते की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा स्वयं का रोजगार प्रारंभ करने हेतु बैंक ऋण उपलब्ध कराने में भी सहायता दी जाएगी। प्रशिक्षण में भाग लेने हेतु इच्छुक महिलाओं को चार पासपोर्ट साइज फोटो, [Aadhaar Redacted] एवं राशन कार्ड की प्रति साथ लाना आवश्यक होगा। इच्छुक अभ्यर्थी बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान, सवाई माधोपुर पर संपर्क कर सकते हैं अथवा मोबाइल नंबर 9414340772 एवं 8949711403 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन ने पात्र महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की है।

भविष्य के व्यावसायिक पाठ्यक्रम और पंजीकरण

प्रशिक्षण संस्थान की ओर से कई तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। आगामी दिनों में शुरू होने वाले अन्य प्रशिक्षण सत्रों के लिए भी आवेदन किया जा सकता है। यह सभी प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क रहेंगे। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का साक्षर होना एवं आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले प्रशिक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संस्थान द्वारा निःशुल्क हॉस्टल, कैंटीन तथा भोजन की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाती है। संस्थान के निदेशक नीरज गोपालिया ने बताया कि "आगामी बैचों में एसी एवं फ्रिज रिपेयरिंग, महिला सिलाई उद्योग, महिला ब्यूटी पार्लर मैनेजमेंट, जूट उद्यमिता, प्लम्बरिंग, इलेक्ट्रिक वर्क, पशुपालन वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, मसाला पाउडर निर्माण, धूपबत्ती अगरबत्ती निर्माण, मोबाइल रिपेयरिंग, फोटोग्राफी वीडियोग्राफी, सॉफ्ट टॉएज टेडीबेयर, मशरूम कल्वर तथा कंप्यूटर टैली जैसे लगभग 70 से अधिक विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है।"

प्रशिक्षण में “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि "अधिक से अधिक लोग इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाए और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें तथा अपनी आय के नए स्रोत विकसित करें।"

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story