सवाई माधोपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एनर्जी ड्रिंक के नाम पर बाजार में सप्लाई की जा रही कैफिनेटेड बेवरेज की बड़ी खेप जब्त कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। यह कार्रवाई प्रदेश में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई, जिससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी शुभमंगला मैडम के निर्देश पर सी एम एच ओ सवाई माधोपुर डॉक्टर अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर वेद प्रकाश पूर्विया व नितेश गौतम की टीम ने शुक्रवार को रीको इंडस्ट्रियल एरिया खेरदा में यह कार्रवाई की। टीम ने श्री बालाजी ट्रेडिंग पर छापा मारकर एनर्जी ड्रिंक के नाम पर सप्लाई की जा रही कैफिनेटेड बेवरेज के 2 नमूने एनफोर्समेंट में लिए और मौके पर ही पूरी खेप को सीज कर दिया। जब्त की गई सामग्री की मात्रा 2100 कार्टनों में लगभग 13000 लीटर बताई गई है, जो कुल 50000 कैन के बराबर है।

इसी दौरान टीम ने रीको खेरदा स्थित पवन पेप्सी एजेंसी से भी रेडी टू सर्व बेवरेज और कार्बोनेटेड वाटर के 2 नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत लिए। सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 नियम एवं विनियम 2011 के अनुसार सख्त अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान टीम ने रीको इंडस्ट्रियल एरिया में कई फ्रूट्स गोदामों का भी निरीक्षण किया और फलों को पकाने में उपयोग किए जा रहे केमिकल की जांच की। जांच में यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं इथाइलीन गैस के स्थान पर कार्बाइड का उपयोग तो नहीं किया जा रहा है। निरीक्षण में सभी स्थानों पर फलों को इथाइलीन गैस से पकाना पाया गया।

इस पूरी कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नितेश गौतम शामिल रहे। विभाग की इस सख्त कार्रवाई ने खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर स्पष्ट संदेश दिया है कि मिलावट और नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story