भाड़ौती में खाद्य सुरक्षा विभाग की तीन बड़ी कार्रवाई, नकली सरस घी और खुला तेल जब्त
सवाई माधोपुर के भाड़ौती मलारना डूंगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन बड़ी कार्रवाइयों में संदिग्ध नकली सरस घी, यस्वी सरस, खुले सरसों तेल और लूज काजू के नमूने लिए। पांचों नमूने जांच के लिए जयपुर भेजे गए।

तस्वीर में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी सवाई माधोपुर की एक दुकान के अंदर घी के पैकेट और दस्तावेजों की जांच करते हुए नजर आ रहे हैं।
सवाई माधोपुर जिले के भाड़ौती मलारना डूंगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को मिलावट के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक के बाद एक तीन बड़ी कार्रवाई की। टीम ने नकली व मिलावटी सरस घी, सरस से मिलते-जुलते ब्रांड यस्वी सरस घी, खुले सरसों तेल और लूज काजू के नमूने लिए तथा संदिग्ध घी और शेष सामग्री को जब्त किया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी शुभमंगला मैडम के निर्देश पर प्रदेश में चलाए जा रहे शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत सीएमएचओ सवाई माधोपुर डॉक्टर अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर वेद प्रकाश पूर्विया और फूड सेफ्टी ऑफिसर नितेश गौतम की टीम ने भाड़ौती में कार्रवाई की।
खाद्य विभाग की टीम सबसे पहले मेन मार्केट रोड भाड़ौती स्थित श्री त्रिनेत्र रिद्धि सिद्धि घी एजेंसी पहुंची। निरीक्षण के दौरान दुकान में रखे सरस घी के डुप्लीकेट होने का संदेह हुआ। टीम ने एक लीटर के 10 पैकेट पर QR कोड स्कैन किया तो वह सरस का नहीं था। पैकेट खोलने पर अंदर रखा पाउच भी लूज पड़ा मिला और पाउच की बनावट भी संदेहप्रद पाई गई। टीम ने तत्काल घी का नमूना लिया और शेष नकली घी को जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई के दौरान सरस के प्रतिनिधि को कॉपीराइट एक्ट में एफआईआर कराने के लिए लिखा गया। खाद्य कारोबारकर्ता से पूछताछ में उसने बताया कि इस घी का कार्टून उसने निवाई (टोंक) में चावरिया काम्प्लेक्स गांधी पार्क के पास स्थित नेमीचंद जयकुमार नामक फर्म से खरीदा था। खाद्य कारोबारकर्ता ने मौके पर इसका बिल भी प्रस्तुत किया। टीम ने सजगता दिखाते हुए टोंक के खाद्य सुरक्षा अधिकारी को उक्त फर्म की सूचना दी और कार्रवाई करने के लिए कहा।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भाड़ौती स्थित विशाल ट्रेडर्स पर कार्रवाई की। यहां सरस से मिलते-जुलते ब्रांड यस्वी सरस का नमूना लिया गया और बचा हुआ घी मौके पर ही जब्त किया गया। इसी फर्म से निवाई से खरीदे गए सरसों के तेल का भी एक नमूना लिया गया।
टीम ने भाड़ौती मलारना डूंगर में ही एक अन्य फर्म गर्ग ट्रेडर्स पर भी कार्रवाई की। यहां स्टील की टंकी में खुले में बेचने के लिए रखे सरसों के तेल का नमूना लिया गया। खुले में तेल बेचना कॉन्ट्रावीन ऑफ एक्ट है। इसके साथ ही इसी फर्म से लूज काजू के नमूने भी लिए गए।
इस प्रकार भाड़ौती मलारना डूंगर से एनफोर्समेंट में लिए गए पांचों नमूनों को खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावट करने वालों और लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा तथा नमूनीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
