सवाई माधोपुर में आगामी रबी सीजन की बुवाई से पहले किसानों को फसलों के अनुसार सही रसायनिक खाद के उपयोग के लिए जागरूक किया जाएगा। जिला कलक्टर काना राम ने कृषि और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को किसानों को खाद के उचित उपयोग के संबंध में समझाइश करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिले के सभी सरकारी कार्यालयों एवं भवनों में बारिश के बाद रंग-रोगन और साफ-सफाई का काम दीवाली से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला कलक्टर काना राम मंगलवार को विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी सीजन में सरसों एवं अन्य फसलों की बुवाई के समय किसानों को डीएपी खाद के स्थान पर सुपरफास्टफेट और यूरिया के मिश्रण का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए। किसानों को यह भी बताया जाए कि सुपरफास्टफेट के उपयोग से सरसों के दाने पर अधिक चमक होगी और उसकी गुणवत्ता बेहतर होगी। इससे डीएपी की अनावश्यक मांग में भी कमी आएगी।

काना राम ने सभी विभागों के अधिकारियों को अपने कार्यालय भवनों में बारिश के दौरान आई सीलन को हटाने के लिए रंग-पुताई कराने तथा परिसरों में झाड़ियों और अनावश्यक घास आदि को हटाने के साथ पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई के लिए साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीवाली के त्योहार से पहले यह कार्य आवश्यक रूप से पूरा किया जाए। विकसित भारत जन सेवा अभियान के दौरान स्वच्छता सेवा के तहत साफ-सफाई और रंग-पुताई का कार्य भी किया जा सकता है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों के किनारे बढ़ी हुई बबूल-झाड़ियों आदि की सफाई का कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत संचालित सभी गतिविधियों में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए और अधिकाधिक आम लोगों को सेवा शिविरों के माध्यम से लाभांवित किया जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित और शहरी क्षेत्रों में प्रस्तावित सेवा शिविरों की संबंधित पोर्टल पर समुचित रिपोर्टिंग करने के निर्देश भी दिए।

आगामी पंचायतीराज चुनावों के मद्देनजर काना राम ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता की पालना से संबंधित तैयारियां पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों को जल्द से जल्द शुरू करने तथा नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतों का अधिकतम संतोषजनक फीडबैक के साथ समयबद्ध रूप से निस्तारण करने के लिए भी कहा।

बैठक में जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को 14 वर्ष की किशोरियों के एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किशोरियों और उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करने में शिक्षा विभाग सक्रिय रूप से भागीदारी निभाए। उन्होंने जिले में पात्र किशोरियों में से 50 प्रतिशत को सितम्बर के अंत तक एचपीवी टीका लगाने का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

काना राम ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों और कार्मिकों को पशुपालकों को लम्पी रोग के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यकतानुसार टीकाकरण अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने माय भारत अभियान में अधिकाधिक युवाओं को जोड़ने के लिए भी कहा। इसके लिए राजकीय स्कूल-कॉलेजों के साथ-साथ निजी शिक्षण संस्थानों, पॉलिटेक्निक और आईटीआई आदि में विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षार्णियों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान उन्होंने इस विषय पर प्रस्तावित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन भी किया।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित कासनिया, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया, पीएमओ डॉ. तेजराम मीना सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story