सवाई माधोपुर: कृषि यंत्रीकरण योजना से कैलाश मीना की बढ़ी आय
ग्राम विकास रथ अभियान के तहत किसान कैलाश मीना ने 2.25 लाख रुपये की सब्सिडी पर मल्टीक्रॉप थ्रेसर खरीदकर अपनी खेती को आधुनिक और लाभप्रद बनाया है।

सवाई माधोपुर के ग्राम सिनोली में कृषि यंत्रीकरण योजना के लाभार्थी किसान कैलाश मीना अपने नए मल्टीक्रॉप थ्रेसर के साथ, जिससे उनकी कृषि लागत में कमी आई है।
माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार संचालित ग्राम विकास रथ अभियान के तहत जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जा रही है। इसी क्रम में कृषि यंत्रीकरण योजना से लाभान्वित एक किसान की सफलता कहानी सामने आई है, जिसने आधुनिक तकनीक अपनाकर अपनी आय और आत्मविश्वास दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि की है।
तहसील सवाई माधोपुर के ग्राम सिनोली निवासी किसान कैलाश मीना पुत्र रामनिवास मीना लगभग 15 बीघा भूमि पर खेती करते हैं। वे 5 बीघा में अमरूद की बागवानी तथा शेष भूमि पर बाजरा, उड़द, तिल, गेहूं, चना और सरसों की खेती करते हैं। पूर्व में फसल कटाई एवं मड़ाई के लिए उन्हें मजदूरों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय पर श्रमिक न मिलने और बढ़ती मजदूरी के कारण उन्हें हर सीजन में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था।
ग्राम विकास रथ अभियान के दौरान कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी मिलने पर उन्होंने कृषि पर्यवेक्षक के मार्गदर्शन में राज किसान साथी पोर्टल पर मल्टीक्रॉप थ्रेसर के लिए आवेदन किया। दस्तावेज सत्यापन के बाद उन्हें प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हुई और उन्होंने लगभग 5 लाख रुपये की लागत का आधुनिक थ्रेसर क्रय किया, जिस पर उन्हें करीब 2.25 लाख रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई।
मल्टीक्रॉप थ्रेसर मिलने के बाद उनकी खेती में बड़ा बदलाव आया है। अब फसल कटाई एवं मड़ाई समय पर होने लगी है, जिससे उत्पादन में नुकसान नहीं होता। साथ ही मशीन को किराये पर देकर अतिरिक्त आय का स्रोत भी विकसित हुआ है। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है, बल्कि गांव के अन्य किसान भी आधुनिक कृषि यंत्रीकरण अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
यह सफलता कहानी दर्शाती है कि योजनाओं की प्रभावी पहुंच और आधुनिक तकनीक का समावेश किसानों की आय बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
फोटो कैप्शन: 1 पीआरओ 6 ग्राम सिनोली निवासी कैलाश मीना पुत्र रामनिवास मीना।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
