सवाई माधोपुर के ‘बोल इंग्लिश कैंप’ में बेटियों के संवाद कौशल में दिखा नया निखार
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 'मिशन बोल' शिविर का एडीडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने निरीक्षण कर विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया।

सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर ब्लॉक में आयोजित इंग्लिश स्पोकन कैंप के दौरान पोडियम पर खड़े मास्टर ट्रेनर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए और दरी पर बैठकर सुनती छात्राएं।
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला कलक्टर काना राम के निर्देशन में मलारना डूंगर ब्लॉक स्तर पर संचालित ‘बोल सवाई माधोपुर इंग्लिश स्पोकन कैंप’ में विद्यार्थियों की अंग्रेजी संवाद क्षमता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। शिविर का एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता एवं कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने अवलोकन कर मौके पर विद्यार्थियों से संवाद किया और उनकी सीखने की प्रगति का आकलन किया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने रोल प्ले गतिविधियों के माध्यम से अंग्रेजी में संवाद प्रस्तुत कर अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिससे उनकी बढ़ती आत्मविश्वासपूर्ण अभिव्यक्ति और सीखने की गति स्पष्ट रूप से नजर आई। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी युग में स्पोकन इंग्लिश और प्रभावी संचार कौशल सफलता की मजबूत नींव हैं।
एडीपीसी दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि सवाई माधोपुर एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने के कारण यहां के युवाओं के लिए पर्यटन, होटल, गाइड सेवा और आतिथ्य क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर भाषा कौशल इन अवसरों को प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीना ने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर सीखने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर शिविर प्रभारी मानसिंह शेखावत सहित मास्टर ट्रेनर सोहेल मोहम्मद, मुफीद मोहम्मद और शफीक मोहम्मद उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और संवाद कौशल में हो रहा सुधार कार्यक्रम की मुख्य उपलब्धि रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
