सवाई माधोपुर में पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनाव का बिगुल, 1 अगस्त तक कार्मिकों का डेटा अपडेट करना अनिवार्य
सवाई माधोपुर में पंचायत राज एवं नगरीय निकाय चुनाव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी डीडीओ को 1 अगस्त तक ईएमएस पोर्टल पर कार्मिकों का डेटा अनिवार्य रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।

सवाई माधोपुर, 25 जुलाई। पंचायत राज संस्थाओं एवं नगरीय निकायों के आगामी आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने जिले के सभी कार्यालयाध्यक्षों, संस्थाप्रधानों तथा आहरण एवं वितरण अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विवरण ईएमएस पोर्टल पर 1 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान दलों के गठन के लिए एनआईसी द्वारा विकसित ईएमएस पोर्टल पर सभी कार्मिकों का अद्यतन डाटाबेस तैयार किया जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक डीडीओ को निर्धारित समय सीमा में अपने कार्यालय एवं कर्मचारियों का संपूर्ण विवरण पोर्टल पर अपडेट करना होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया केवल चुनाव ड्यूटी के लिए पात्र कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का विवरण अनिवार्य रूप से अद्यतन किया जाना है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं डीडीओ को निर्देश दिए कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 1 अगस्त तक हर हाल में पूर्ण कराया जाए। निर्धारित समय सीमा तक डाटा अपडेट नहीं करने एवं लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जा सकती है। उक्त कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए कोषाधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं तकनीकी सहायता के लिए जिला सूचना विज्ञान अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
